सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने सचल पशु चिकित्सा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 3 लाख से अधिक पशुओं का होगा टीकाकरण
टिहरी/दिनांक 04 अक्टूबर 2025।
जनपद टिहरी गढ़वाल में खुरपका–मुंहपका बीमारी की रोकथाम के लिए 7वें चरण के टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने किया।
सीडीओ ने इस अवसर पर MVU सचल पशु चिकित्सा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर टीकाकरण हेतु रवाना किया। उन्होंने उपस्थित पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं तथा प्रेरित किया कि जनपद में कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित न रहे।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा ने जानकारी दी कि वर्तमान में जनपद में लगभग 1,60,000 बड़े गौवंशीय एवं महिषवंशीय पशु और 1,50,000 भेड़-बकरियां हैं। इन सभी का टीकाकरण इस चरण में किया जाएगा। इसके लिए 78 टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने बताया कि निराश्रित पशुओं और गौशालाओं में स्थित गौवंश का भी टीकाकरण अभियान में शामिल है।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मो. असलम, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी चंबा डॉ. पी.के. सिंह, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी नई टिहरी डॉ. राजेश रतूड़ी, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी छाम डॉ. बी.के. तोमर, पशु चिकित्साधिकारी नकोट डॉ. अभिषेक, पशु चिकित्साधिकारी सचल डॉ. शाहजहां, पशु चिकित्साधिकारी धारकोट डॉ. कोमल, डॉ. मोहम्मद आलिम, डॉ. मेघा भंडारी सहित क्षेत्र के समस्त पशु प्रसार अधिकारी मौजूद रहे।
