वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत गजा व पोखरी क्षेत्र के गांवों में वन विभाग ने ग्रामीणों को दी जागरूकता की जानकारी, शिकार एवं अवैध कटान से बचने का किया आह्वान
गजा/टिहरी, Report- D.P.Uniyal: वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह (1 से 7 अक्टूबर) के तहत वन विभाग नई टिहरी रेंज की टीम द्वारा गजा व पोखरी क्षेत्र के आसपास के कई गांवों में ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत नई टिहरी रेंज के बन बीट दरोगा बिरेंद्र सिंह बिष्ट एवं बन बीट अधिकारी बलबीर सिंह पंवार ने ग्रामीणों को वन्यजीव संघर्ष से बचाव, वन्यजीवों की सुरक्षा, तथा वन्यजीव संरक्षण कानूनों की जानकारी दी।
ग्रामीणों से किया सतर्क रहने का आह्वान:
बन बीट अधिकारी बलबीर सिंह पंवार एवं ललिता नेगी ने ग्राम पंचायत बमणगांव एवं थन्यूल में बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों से अपील की कि वे वन्यजीवों के प्राकृतिक वास स्थानों को नुकसान न पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि यदि कोई जंगली जानवर गांव के आसपास दिखाई दे तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें।
वन्यजीवों का शिकार कानूनी रूप से दंडनीय अपराध है और जंगलों में अवैध कटान भी वन्यजीवों को उनके आवास से विस्थापित करता है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपने घर–आंगन के आसपास झाड़ियों की सफाई करने की भी अपील की, ताकि वन्यजीवों के प्रवेश की संभावना कम हो।
अन्य ग्रामों में भी हुई बैठकें:
वन विभाग ने ग्राम दंदेली समेत अन्य आसपास के गांवों में भी इसी तरह की जागरूकता बैठकों का आयोजन किया, जिनमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उपस्थित ग्रामीण:
इस मौके पर सुमन सिंह, सतीस सिंह, प्रधान श्रीमती मंजू देवी, श्रीमती शीला देवी, नरेंद्र विजल्वाण, प्रताप सिंह, गोविंद राम, सीमा देवी सहित दर्जनों ग्रामीण महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।
