रात्रि चौपाल में रखी गई थी प्रमुख मांग, छह माह बीतने के बाद भी नकोट में नहीं खुला आधार केंद्र — ग्रामीणों को चंबा और नई टिहरी जाना पड़ रहा दूर
नकोट (टिहरी गढ़वाल): मखलोगी प्रखंड के केंद्र स्थल ग्रामीण कस्बा नकोट में आधार सेंटर खोलने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों ने बताया कि 27 मार्च 2025 को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में नकोट इंटर कॉलेज में आयोजित रात्रि चौपाल कार्यक्रम में यह मांग प्रमुखता से उठाई गई थी।
उस दौरान कई समस्याओं का समाधान कर दिया गया था, लेकिन आधार केंद्र खोलने के संबंध में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों को उठानी पड़ रही परेशानी:
नकोट क्षेत्र के अंतर्गत मखलोगी प्रखंड के दर्जनों गांवों और कई विद्यालय अवस्थित हैं। यहां के नागरिकों को आधार कार्ड बनाने या संशोधन कराने के लिए 20–25 किलोमीटर दूर चंबा या नई टिहरी तक जाना पड़ता है। इससे न केवल समय की बर्बादी होती है, बल्कि ग्रामीणों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ता है।
स्थानीय युवाओं के पास भी है तकनीकी योग्यता:
ग्रामीणों ने बताया कि नकोट में कई सुप्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं के पास आधार सेंटर संचालन हेतु यूआईडीएआई आईडी उपलब्ध हैं और उन्होंने आवेदन भी कर रखा है, लेकिन अधिकारियों की मनमानी और स्वेच्छाचारिता के चलते यह केंद्र शुरू नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों की अपील:
क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल से आग्रह किया है कि रात्रि चौपाल में रखी गई इस प्रमुख मांग को प्राथमिकता दी जाए और नकोट में शीघ्र आधार केंद्र खोला जाए ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
