नई टिहरी में जिला चिकित्सालय बौराड़ी से हुआ अभियान का आगाज — 18 अक्टूबर तक चलेगा पोलियो टीकाकरण अभियान, 0 से 5 वर्ष तक के 45,822 बच्चों को दी जाएगी खुराक
टिहरी/दिनांक 12 अक्टूबर, 2025।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) उत्तराखंड के निदेशक डॉ. रश्मि पंत एवं नगर पालिका अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत ने रविवार को जिला चिकित्सालय बौराड़ी, टिहरी गढ़वाल में पोलियो कार्यक्रम 2025 का संयुक्त रूप से शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. रश्मि पंत ने 18 अक्टूबर तक चलने वाले पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
डॉ. रश्मि पंत ने बच्चों को पिलाई पोलियो खुराक
शुभारम्भ कार्यक्रम के बाद एनएचएम निदेशक डॉ. रश्मि पंत ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर बादशाहीथौल एवं चोपडियाल गांव का भ्रमण किया। उन्होंने स्वयं बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई तथा आमजन से संवाद कर कार्यक्रम के महत्व को समझाया।
उन्होंने कहा कि “देश से पोलियो उन्मूलन में सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। किसी भी बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।”
चिकित्सालय का निरीक्षण और दिशा-निर्देश
डॉ. पंत ने जिला चिकित्सालय बौराड़ी का विस्तृत निरीक्षण किया, जिसमें जनरल वार्ड, आईसीयू, स्त्री एवं प्रसूति वार्ड सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति देखी।
उन्होंने चिकित्सालय की स्वच्छता व्यवस्था और अनटाइड फंड के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया।
निदेशक ने कहा कि प्रत्येक नवजात शिशु का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए, जिसमें जन्म खुराक सहित सभी टीकों का समय पर सर्वेक्षण और फॉलो-अप किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि दूरस्थ क्षेत्रों में बीमार बच्चों की निरंतर निगरानी की जाए और आवश्यकतानुसार उन्हें निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में रेफर किया जाए ताकि समय पर उपचार हो सके।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने दी जानकारी
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) टिहरी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि जनपद में पोलियो अभियान के अंतर्गत
523 बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के कुल 45,822 बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।
अभियान के पहले दिन ही लगभग 72 प्रतिशत बच्चों को खुराक पिलाई जा चुकी है।
अभियान में बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी हुए शामिल
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जितेन्द्र भंडारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश डोभाल, कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेश बर्थवाल, चिकित्साधिकारी डॉ. पुखराज सिंह, तथा एनएचएम टीम, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, और सीएचओ सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
