राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर भर्ती प्रक्रिया रद्द करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
देहरादून। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कराई गई होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी भर्ती-2024 में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाया है। पार्टी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से तत्काल CBI या SIT जांच कराने और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि भर्ती प्रक्रिया में निदेशालय होम्योपैथी एवं चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष के निकट संबंधियों और चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाई गईं।
प्रमुख आरोप
- SC वर्ग की 6 पोस्ट पर 8 अभ्यर्थियों का चयन
- OBC के लिए कोई पोस्ट नहीं थी, फिर भी OBC अभ्यर्थियों को जनरल कैटेगरी में समायोजित किया गया
- लिखित परीक्षा का आयोजन नहीं किया गया, केवल साक्षात्कार के जरिए चयन
- आवेदन की अंतिम तिथि के बाद भी फॉर्म स्वीकार किए गए, मैरिट लिस्ट में रोल नंबर 540, 569 और 571 इसका उदाहरण
- अनुभवी संविदा चिकित्सकों को नजरअंदाज कर प्राइवेट प्रैक्टिस करने वालों को इंटरव्यू में 58-59 अंक देकर चयनित किया गया
- चयनित अधिकांश अभ्यर्थियों का सीधा संबंध निदेशालय या चयन बोर्ड अध्यक्ष से बताया जा रहा है
सेमवाल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
पार्टी की मांगें
- भर्ती को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए
- पूरी चयन प्रक्रिया की जांच CBI या SIT से कराई जाए
- दोषी अधिकारियों और दलालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो
