पार्टी ने गिरफ्तारी को बताया राजनीतिक दबाव का परिणाम, रिहाई न होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
देहरादून | 06 जनवरी 2026
ऋषिकेश में गिरफ्तार किए गए योगेश डिमरी, सुदेश भट्ट एवं उनके अन्य साथियों की तत्काल रिहाई की मांग को लेकर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने सोमवार को उप-जिलाधिकारी अपूर्व सिंह के माध्यम से उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। पार्टी ने इन गिरफ्तारियों को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई प्रतीत होती है।
ज्ञापन सौंपते समय पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने कहा कि योगेश डिमरी जैसे समाजसेवी लंबे समय से अवैध गतिविधियों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे लोगों को जेल में रखना राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल हस्तक्षेप कर सभी की रिहाई सुनिश्चित करे तथा वास्तविक दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करे।
जिला अध्यक्ष (सैनिक प्रकोष्ठ) भगवती प्रसाद गोस्वामी ने कहा कि राष्ट्रवादी सोच रखने वाले नागरिकों का दमन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र रिहाई नहीं हुई तो पार्टी को बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
जिला महामंत्री दयाराम मनौड़ी ने कहा कि यह गिरफ्तारी जनता की आवाज को दबाने का प्रयास है, जिससे न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर रिहाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर सैनिक प्रकोष्ठ के भगवती प्रसाद नौटियाल, जिला महामंत्री हेमा कोटनाला, रजनी कुकरेती सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्टी का कहना है कि गिरफ्तार किए गए लोग राज्य में अवैध शराब कारोबार एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पार्टी ने मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष जांच की भी मांग की है।
राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र रिहाई नहीं की गई, तो पार्टी द्वारा प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
