नई टिहरी में 17 मई को होगा उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच का वार्षिक सम्मेलन
बौराड़ी स्थित सामुदायिक मिलन केंद्र में जुटेंगे जनपदभर के राज्य आंदोलनकारी, तैयारियों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक
नई टिहरी, 14 मई 2026।
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच का जनपद स्तरीय वार्षिक सम्मेलन आगामी 17 मई 2026 को जिला मुख्यालय नई टिहरी में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन प्रातः 11:00 बजे बौराड़ी स्थित सामुदायिक मिलन केंद्र में आयोजित होगा, जिसमें जनपद भर के चिन्हित राज्य आंदोलनकारी प्रतिभाग करेंगे।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बुधवार को बौराड़ी स्थित एक निजी होटल में मंच की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी सुंदरलाल उनियाल ने की।
बैठक में मंच के कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र नौटियाल, महासचिव किशन सिंह रावत, राज्य आंदोलनकारी जयप्रकाश पांडे, विजय गुनसोला, राकेश राणा, सैयद मुसर्रफ अली, शांति प्रसाद भट्ट, श्रीपाल सिंह चौहान सहित अनेक आंदोलनकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सम्मेलन की रूपरेखा, विभिन्न समितियों के दायित्वों एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गठित समितियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपते हुए उनके कार्यों की समीक्षा भी की गई।
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के पदाधिकारियों ने जनपद के सभी चिन्हित राज्य आंदोलनकारियों से अपील की है कि वे 17 मई को अधिक से अधिक संख्या में नई टिहरी पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाएं।
मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि सम्मेलन में राज्य आंदोलनकारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, सम्मान, अधिकारों एवं संगठनात्मक विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
