टिहरी में मानसून आपदा प्रबंधन को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विभागों को तैयारियां समय से पूरी करने के दिए निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 15 मई 2026।
मानसून अवधि के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने को लेकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी विभागों को मानसून से पूर्व अपनी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में दूरसंचार सेवाओं को सुचारु बनाए रखने हेतु सैटेलाइट फोन की मॉक ड्रिल आयोजित करने के आदेश भी दिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हुए कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन कर बेहतर रणनीति बनाई जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला एवं तहसील स्तर के कंट्रोल रूम नंबर सार्वजनिक करने तथा तैनात कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों से भलीभांति अवगत कराने के निर्देश दिए।
विभागों को दिए गए प्रमुख निर्देश
- लोक निर्माण विभाग को जेसीबी मशीनों की लोकेशन एवं ऑपरेटरों के संपर्क नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
- स्वास्थ्य विभाग को एंटी स्नेक वेनम उपचार एवं डेंगू नियंत्रण की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।
- विद्यालयों में बच्चों को आपदा के प्रति संवेदनशील बनाने एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
- पेयजल विभाग को पाइपलाइन की स्थिति का परीक्षण कर क्षति की स्थिति में तत्काल मरम्मत की तैयारी रखने को कहा गया।
- विद्युत विभाग को विद्युत लाइनों की नियमित निगरानी करने तथा नगर पालिका को नालियों की सफाई एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
- पुलिस विभाग को खोज एवं बचाव कार्यों हेतु उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं अवैध खनन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त संभावित शेल्टर होम के रूप में सामुदायिक केंद्र, पंचायत घर एवं विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, पैदल मार्गों की सफाई एवं राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान संवेदनशील स्थलों का चिन्हीकरण कर बच्चों की सुरक्षा एवं शिक्षा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, प्रभागीय वनाधिकारी पुनीत तोमर, अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार, एआरटीओ सतेंद्र राज, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
