सूबे की सहकारी समितियों के चुनावों में भाजपा का जबरदस्त दबदबा, 98 फीसदी बोर्डों पर फहराया जीत का परचम
जौनपुर मगरा और लंढौर समिति में 68 वर्षों बाद पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित, महिलाओं की भी शानदार भागीदारी
देहरादून, 24 मई 2026 | SKS News।
प्रदेश में शनिवार को सम्पन्न हुए सहकारी समितियों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 98 प्रतिशत बोर्डों पर जीत दर्ज कर अपना मजबूत दबदबा कायम किया है। क्रय-विक्रय सहकारी समितियों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की शानदार जीत ने विपक्ष को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है।
विशेष रूप से टिहरी जनपद की जौनपुर मगरा सहकारी समिति तथा हरिद्वार की लंढौर सहकारी समिति में भाजपा ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 68 वर्षों बाद पहली बार पूरी कार्यकारिणी को निर्विरोध निर्वाचित कराया। इसे सहकारिता क्षेत्र में स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक माना जा रहा है।
38 समितियों में सम्पन्न हुए चुनाव
प्रदेशभर में कुल 39 सहकारी समितियों में से 38 समितियों में चुनाव सम्पन्न हुए, जिनमें भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का स्पष्ट दबदबा देखने को मिला।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार संचालक मंडल के लिए कुल 348 प्रतिनिधि निर्वाचित हुए। इनमें —
- अल्मोड़ा : 9
- उत्तरकाशी : 37
- पौड़ी : 58
- हरिद्वार : 26
- टिहरी : 15
- चम्पावत : 11
- ऊधमसिंह नगर : 91
- देहरादून : 38
- पिथौरागढ़ : 14
- नैनीताल : 49 प्रतिनिधि निर्वाचित हुए।
इनमें कुल 136 महिलाएं एवं 212 पुरुष शामिल हैं।
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भी भाजपा का दबदबा
अध्यक्ष पद के लिए कुल 37 प्रतिनिधि निर्वाचित हुए, जिनमें 16 महिलाएं एवं 21 पुरुष शामिल हैं।
वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए चुने गए 25 प्रतिनिधियों में 2 महिलाएं और 23 पुरुष शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त अन्य संस्थाओं में भेजे जाने वाले कुल 418 प्रतिनिधियों का निर्वाचन हुआ, जिनमें 132 महिलाएं एवं 286 पुरुष शामिल रहे।
ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक सफलता
जिलेवार आंकड़ों में सर्वाधिक सफलता ऊधमसिंह नगर में देखने को मिली, जहां कुल 111 प्रतिनिधि निर्वाचित हुए। इसके बाद —
- नैनीताल : 99
- देहरादून : 51
- पौड़ी : 38
- हरिद्वार : 35
- उत्तरकाशी : 25
- टिहरी : 23
- पिथौरागढ़ : 12 प्रतिनिधि चुने गए।
“सहकार से समृद्धि” के मंत्र को मिली मजबूती
सूबे के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में भाजपा ने सहकारी क्षेत्र में एक बार फिर व्यापक जनसमर्थन हासिल किया है। चुनाव परिणामों से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की सहकारी व्यवस्था में भाजपा की नीतियों और कार्यशैली पर लोगों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।
डॉ. धन सिंह रावत का बयान
“सहकारी समितियों के चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और सरकार की जनहितकारी नीतियों का प्रतिफल है। सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के ‘सहकार से समृद्धि’ के मंत्र को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”
— डॉ. धन सिंह रावत, सहकारिता मंत्री, उत्तराखंड
