गजा के हाईटेक सार्वजनिक शौचालय में पानी का संकट, पर्यटक और स्थानीय लोग परेशान; जल संस्थान से तत्काल व्यवस्था की मांग
नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने जल संस्थान से की हस्तक्षेप की मांग, पम्पिंग लाइन खराब होने से कई दिनों से बाधित है जलापूर्ति
गजा/चम्बा, टिहरी गढ़वाल | एसकेएस न्यूज़
टिहरी गढ़वाल जनपद के नगर पंचायत गजा स्थित सार्वजनिक शौचालयों में पिछले कई दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण स्थानीय लोगों, यात्रियों एवं पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात और पर्यटन सीजन के बीच पानी की कमी से सार्वजनिक सुविधाएं प्रभावित हो गई हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
गजा बाजार क्षेत्र खाड़ी, नकोट, चाका, चम्बा, तमियार सहित आसपास के अनेक गांवों का प्रमुख संपर्क केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी, यात्री एवं पर्यटक यहां से आवाजाही करते हैं। इसके अलावा गर्मियों की छुट्टियों के दौरान शहरों से अपने गांव लौटे लोग भी बड़ी संख्या में गजा पहुंच रहे हैं। ऐसे समय में सार्वजनिक शौचालयों में पानी नहीं होने से लोगों को काफी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
दो शौचालय, दोनों में अलग-अलग जलापूर्ति व्यवस्था
जानकारी के अनुसार गजा-खाड़ी मुख्य मार्ग पर स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में जल संस्थान की पेयजल लाइन से पानी की आपूर्ति की जाती है, जबकि बाजार क्षेत्र में स्थित दूसरे हाईटेक सार्वजनिक शौचालय में भासौं-लोहिताल-घंटाकर्ण पम्पिंग योजना के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाता है।
पम्पिंग योजना से जुड़े कर्मचारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पम्पिंग लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। विभाग का कहना है कि मरम्मत कार्य जारी है तथा सोमवार से जलापूर्ति सामान्य होने की संभावना है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों से की तत्काल कार्रवाई की मांग
नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने नई टिहरी स्थित अधिशासी अभियंता, जल संस्थान तथा अवर अभियंता, जल संस्थान गजा को दूरभाष के माध्यम से समस्या से अवगत कराया। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों के साथ मौके का निरीक्षण भी किया और सार्वजनिक शौचालयों में शीघ्र जलापूर्ति बहाल करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा में पानी का अभाव किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पर्यटन सीजन को देखते हुए विभाग को प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान करना चाहिए।
पर्यावरण मित्र ने बताई जमीनी हकीकत
सार्वजनिक शौचालय की देखरेख कर रहे पर्यावरण मित्र रवि ने बताया कि पानी नहीं होने के कारण शौचालय का संचालन प्रभावित हो रहा है तथा उपयोगकर्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग मजबूरी में बिना सुविधा का उपयोग किए लौट रहे हैं।
तीसरे दिन मिलने वाला पानी एक दिन में ही हो जाता है समाप्त
मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती ने भी विभागीय कर्मचारियों से समस्या के समाधान को लेकर चर्चा की।
विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि संबंधित पम्पिंग लाइन से तीसरे दिन पानी की आपूर्ति की जाती है। इस पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि तीसरे दिन मिलने वाली पानी की मात्रा इतनी कम होती है कि वह उसी दिन समाप्त हो जाती है, जिससे अगले दो दिनों तक शौचालय पूरी तरह पानी के अभाव में रहता है।
उन्होंने मांग की कि सार्वजनिक शौचालयों के लिए नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
विभागीय जिम्मेदारी भी स्पष्ट
जानकारी के अनुसार गजा क्षेत्र में जल संस्थान, नई टिहरी पेयजल लाइन का संचालन करता है, जबकि भासौं-लोहिताल-घंटाकर्ण पम्पिंग योजना का संचालन जल निगम, चम्बा के अधीन है। ऐसे में दोनों विभागों के समन्वय से समस्या का शीघ्र समाधान आवश्यक माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से भी हस्तक्षेप कर सार्वजनिक शौचालयों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि नागरिकों एवं पर्यटकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
