टिहरी में अनीमिया नियंत्रण कार्यक्रम का विस्तार, अब 299 निजी विद्यालयों में भी बच्चों को मिलेगी ‘आयरन फोलिक एसिड’ टैबलेट, 1.32 लाख छात्र-छात्राएं होंगी लाभान्वित
टिहरी/दिनांक 10 अक्टूबर, 2025।
जनपद टिहरी गढ़वाल को अनीमिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान को नई दिशा देते हुए, अब यह कार्यक्रम निजी विद्यालयों तक भी विस्तारित किया गया है। आज से जिले के 299 निजी विद्यालयों में भी आयरन फोलिक एसिड (IFA) टैबलेट वितरण की शुरुआत की गई।
गौरतलब है कि सरकारी विद्यालयों में यह कार्यक्रम वर्ष 2018 से सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है, और अब इस विस्तार के साथ जिले के कुल 1,887 सरकारी एवं 299 निजी विद्यालयों के लगभग 1.32 लाख बच्चों एवं किशोर/किशोरियों को इस योजना के दायरे में लाया गया है।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का शुभारंभ न्यू टिहरी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय द्वारा किया गया। इस अवसर पर राज्य स्तर से कार्यक्रम के टेक्निकल टीम कोऑर्डिनेटर मोनू शर्मा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के जिला प्रबंधक नरेंद्र रावत, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के तहत, प्रत्येक सोमवार को छात्र-छात्राओं को आयरन फोलिक एसिड टैबलेट दी जाएगी, ताकि शरीर में रक्त की कमी (अनीमिया) को दूर किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि यह दवा पूरी तरह से सुरक्षित है और इसके नियमित सेवन से बच्चों के पोषण स्तर, एकाग्रता और शैक्षणिक प्रदर्शन में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने अभिभावकों व शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को यह टैबलेट नियमित रूप से दिलाने में सहयोग करें, जिससे अनीमिया नियंत्रण का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सके।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ‘अनीमिया मुक्त टिहरी’ के इस अभियान से बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों में सुधार होगा तथा यह पहल स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
