उपभोक्ताओं ने विभाग से की शिकायत, कहा—यदि जल्द जलापूर्ति नहीं हुई तो देंगे संस्थान कार्यालय में धरना
चंबा (टिहरी गढ़वाल)।
उत्तराखंड स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर जहां पूरा प्रदेश विकास की बात कर रहा है, वहीं सुमन कॉलोनी वार्ड नंबर-1, चंबा में सात परिवार पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। इन परिवारों को कई दिनों से नियमित रूप से पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे नागरिकों में गहरा असंतोष और नाराज़गी व्याप्त है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, तीसरे दिन कभी-कभी पानी खोला जाता है, और तब भी मात्र 100 से 200 लीटर पानी ही उपलब्ध कराया जाता है। कई बार तो तीसरे दिन भी पानी नहीं दिया जाता, और विभाग की ओर से विभिन्न बहाने बनाकर मामले को टाल दिया जाता है।
सातों परिवारों ने कई बार विभाग को लिखित व मौखिक शिकायतें दीं, लेकिन केवल दिखावे के लिए एक-दो दिन पानी देने के बाद आपूर्ति फिर बंद कर दी जाती है। इस कारण नागरिकों में विभागीय उदासीनता को लेकर गहरा रोष है।
उपभोक्ताओं ने इस समस्या को सभासद, नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला और संस्थान कार्यालय के संज्ञान में भी लाया। बताया गया कि अध्यक्ष ने कुछ दिन पूर्व ही संस्थान के उच्चाधिकारियों से बातचीत की थी, किंतु कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही नियमित जलापूर्ति नहीं की गई तो वे संस्थान कार्यालय में धरना देने को विवश होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विभाग की होगी।
संबंधित उपभोक्ताओं में —
सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’, पन्ना लाल सोनी, धन सिंह चौहान, पूर्णानंद बिजल्वाण, विजयपाल सिंह चौहान, ओमप्रकाश कोठारी, सुखदेव लखेड़ा और महीपाल सिंह बिष्ट आदि के परिवार शामिल हैं।
