मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ली खेल विभाग की समीक्षा बैठक, राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर दिया जोर
देहरादून, 05 अक्टूबर 2025
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपने शासकीय आवास पर खेल विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की। इस दौरान उन्होंने राज्य में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने और युवाओं को खेलों के प्रति और अधिक प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल परिसंपत्तियों का नियमित रख-रखाव और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि राज्य में खेल गतिविधियों को निरंतर गति मिलती रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि इन परिसंपत्तियों के अधिकतम उपयोग के लिए राज्यभर में नियमित खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय तथा लोहाघाट में बनने वाले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन से खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उत्तराखंड खेल क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर से लेकर विधायक, सांसद एवं मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी जैसी प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया जाए ताकि युवाओं की भागीदारी बढ़े। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि खेल विभाग अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करे।
श्री धामी ने कहा कि 39वें राष्ट्रीय खेलों को दृष्टिगत रखते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार, छात्रवृत्ति और बीमा सुरक्षा के लाभ समयबद्ध रूप से प्रदान किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कॉरपोरेट जगत और निजी क्षेत्र की भागीदारी से खेल अवसंरचना के विकास पर जोर दिया ताकि खेल सुविधाओं का विस्तार जन-जन तक हो सके। उन्होंने कहा कि राज्य में अनुभवी प्रशिक्षकों की नियुक्ति और नई खेल अकादमियों की स्थापना से युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जा सकेगी।
बैठक में खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या, राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, निदेशक खेल आशीष चौहान सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
