बौराड़ी स्टेडियम में लोकपर्व ईगास बग्वाल की रंगारंग प्रस्तुति, जिलाधिकारी ने भैला पूजन कर खेला भैला, विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित
बौराड़ी स्टेडियम, टिहरी। उत्तराखण्ड की पारंपरिक लोकसंस्कृति और लोकपर्वों को संरक्षित व प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में पहली बार “टिहरी की ईगास बग्वाल” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद नई टिहरी के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल बच्चों के साथ पहुंचीं और सभी को ईगास बग्वाल (बूढ़ी दिवाली) की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाई गई रंगोली का निरीक्षण किया, भैला का पूजन कर स्वयं भैला खेला, जिससे कार्यक्रम का आकर्षण और बढ़ गया।
इस दौरान आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए सर्टिफिकेट एवं ट्रॉफी प्रदान कर जिलाधिकारी ने सम्मानित किया।
जिलाधिकारी खण्डेलवाल ने कहा कि —
“हमारे स्थानीय लोकपर्व हमारी सभ्यता और संस्कृति के प्रतीक हैं। इनके माध्यम से समाज में मेल-जोल बढ़ता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। स्थानीय परंपराओं का संरक्षण हमारी साझा जिम्मेदारी है।”
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्याम विजय, जिला विकास अधिकारी मो. असलम (परिवार सहित), डीटीडीओ एस.एस. राणा, अपर समाज कल्याण अधिकारी के.एस. चौहान, सभासदगण तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
यह आयोजन नवयुवक अभिनव श्री रामकृष्ण लीला समिति, टिहरी सांस्कृतिक कार्य समिति, महिला सहायता समूह, ग्रीन हिमालय एवं क्लीन हिमालय के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
