जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जौनपुर क्षेत्र में किया रात्रि प्रवास, ग्रामीणों की समस्याएं सुन दिए समाधान के निर्देश
देवलसारी महादेव मंदिर में किए दर्शन, होमस्टे संचालन, सड़क, ट्रैक और पार्किंग कार्यों का लिया जायजा
टिहरी गढ़वाल, 19 जून 2026 | SKS News
जनपद टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जौनपुर क्षेत्र के व्यापक भ्रमण के दौरान रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों की समस्याओं को नजदीक से समझा तथा विभिन्न विकास कार्यों एवं आधारभूत सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
देवलसारी स्थित कोणेश्वर महादेव मंदिर में किए दर्शन
जौनपुर क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रसिद्ध एवं प्राचीन कोणेश्वर महादेव मंदिर, देवलसारी में दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने तेवा, बंगसील, ओन्तण, बुडकोट, पुजाल्डी एवं मोलघार सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर क्षेत्रीय विकास कार्यों और जनसुविधाओं का निरीक्षण किया।
होमस्टे संचालकों से किया संवाद
जिलाधिकारी ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न होमस्टे इकाइयों का निरीक्षण कर उनके संचालन, सुविधाओं एवं पर्यटन गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद करते हुए होमस्टे योजना से मिलने वाले रोजगार एवं आजीविका के अवसरों पर चर्चा की।
ग्रामीणों ने भी पर्यटन विकास और स्थानीय रोजगार सृजन के संबंध में अपने सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे।

सड़क और ट्रैक सुधार की मांगें प्रमुखता से उठीं
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें—
- थत्यूड़–देवलसारी मोटर मार्ग का डामरीकरण एवं मरम्मत
- थत्यूड़–किन्सू मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों का सुधार
- नागटिब्बा–देवलसारी पैदल ट्रैक का विकास
- देवलसारी मंदिर तक पहुंच मार्ग का निर्माण
- गांवों को जोड़ने वाले पैदल एवं संपर्क मार्गों का सुदृढ़ीकरण
- ककूड़–सिर्वा मोटर मार्ग की मरम्मत एवं नाली निर्माण
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
खुशी स्वायत्त सहकारिता फूड बैंक का उद्घाटन
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत खुशी स्वायत्त सहकारिता, खेड़ा में स्थापित फूड बैंक का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा किसानों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
ठिक्क ग्राम पंचायत में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत ठिक्क में ग्रामीणों के साथ बैठक कर किन्सू, उडारसू एवं दुगड्डा तोकों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग प्रमुखता से उठाई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
धनोल्टी और कद्दूखाल पार्किंग निर्माण कार्यों का निरीक्षण
जौनपुर भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने धनोल्टी एवं कद्दूखाल में निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर उनकी वास्तविक आवश्यकताओं को समझना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रमुख जौनपुर सीता पंवार, डीडीओ मो. असलम, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एस.एस. राणा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ राजेन्द्र कुमार टम्टा, क्षेत्र पंचायत सदस्य केसर सिंह एवं अनीस कुमार, ग्राम प्रधान शांति प्रसाद गौड़, गीता देवी, गजेन्द्र रतूड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता सोमवारी लाल नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
