दीपावली पर बच्चों को मिली सौगात — ग्राम प्रधान को 70 परिवारों हेतु मिठाई के डिब्बे भी वितरित
टिहरी/17 अक्टूबर, 2025।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने शुक्रवार को तहसील धनोल्टी के आपदा प्रभावित क्षेत्र राजकीय प्राथमिक विद्यालय रगड़ गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के बच्चों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
डीएम ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करें और कठिनाइयों से डरने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ें।
उन्होंने विद्यालय के 26 बच्चों और आंगनबाड़ी केंद्र के 8 बच्चों को लेखन सामग्री सेट (कॉपी, पेंसिल, रबर आदि) भेंट किए, जिससे बच्चों का मनोबल और उत्साह दोनों बढ़े।
दीपावली उपहार और खेल सामग्री वितरण
दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान मधु देवी (रगड़ गांव) को 70 परिवारों हेतु मिठाई के डिब्बे सौंपे। साथ ही युवा कल्याण विभाग के माध्यम से विद्यालय और पंचायत स्तर पर बच्चों व युवाओं के लिए कैरम, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल और लूडो जैसी खेल सामग्रियों के दो-दो सेट उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने कहा कि “शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेल उतने ही जरूरी हैं जितनी पढ़ाई। बच्चे और युवा खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करते हैं।”
निरीक्षण में उपस्थित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि
इस अवसर पर राज्यमंत्री संजय नेगी, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, जिला पंचायत सदस्य भूत्सी सीता मनवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीता देवी, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम मंजू राजपूत, तहसीलदार वीरम सिंह, डीएसओ मनोज डोभाल, ईई जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज, ईई पेयजल निगम के.एन. सेमवाल, डीडीएमओ बृजेश भट्ट सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
