मुख्यमंत्री के निर्देशन में कुंड और रगड़ गांव तक हेलीकॉप्टर से पहुँचाया गया सरकारी खाद्यान्न
— आपदा प्रभावितों के विस्थापन, शिक्षा संस्थानों के पुनर्निर्माण व सड़क कनेक्टिविटी पर दिए आवश्यक निर्देश
टिहरी/17 अक्टूबर, 2025।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने शुक्रवार को तहसील धनोल्टी क्षेत्रान्तर्गत आपदा प्रभावित गांवों— चिफल्डी, तौलिया काटल, सौंदणा, रगड़गांव और घुड़साल—का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम खण्डेलवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में कुंड और रगड़ गांव के लिए सड़क संपर्क बाधित होने के कारण हेली सेवा के माध्यम से सरकारी खाद्यान्न उठान का कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सौंग बांध परियोजना के विस्थापितों की प्रक्रिया प्रगति पर है तथा प्रभावित परिवारों की विस्थापन सूची तैयार की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज रगड़गांव का भी निरीक्षण किया, जहां आपदा से कंप्यूटर लैब क्षतिग्रस्त हो गई थी। उन्होंने शिक्षा विभाग को एक सप्ताह के भीतर पुनर्निर्माण प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 16-17 सितंबर की आपदा के दौरान रगड़ गांव सड़क संपर्क से कट गया था। वर्तमान में वहां तक वैकल्पिक मार्ग तैयार कर लिया गया है।
इस अवसर पर राज्यमंत्री संजय नेगी, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, जिला पंचायत सदस्य भूत्सी सीता मनवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीता देवी, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम मंजू राजपूत, तहसीलदार वीरम सिंह, डीएसओ मनोज डोभाल, ईई जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज, ईई पेयजल निगम के.एन. सेमवाल, डीडीएमओ बृजेश भट्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
