“खेल और व्यायाम से बनता है शरीर और मन स्वस्थ” — जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल
टिहरी / 09 अक्टूबर, 2025।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में आयोजित 23वीं विद्यालयी शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।
उन्होंने खेल ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों को शालीनता, नियमबद्धता, निष्ठा और अनुशासन के साथ प्रतिभाग करने की शपथ दिलाई।
डीएम टिहरी ने जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से आए प्रतिभागी छात्र-छात्राओं से परिचय प्राप्त किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा —
“खेल और व्यायाम शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। हार-जीत जीवन का हिस्सा है, इससे निराश न होकर हर अनुभव से सीख लेकर आगे बढ़ना ही सच्ची सफलता है।”
उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने लक्ष्य को पाने के लिए कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है।
साथ ही उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में जिला प्रशासन की पहल का उल्लेख करते हुए बताया —
“मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताओं में शामिल शिक्षा गुणवत्ता सुधार कार्यक्रम के तहत, जिला प्रशासन द्वारा ‘फिजिक्स वाला’ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से JEE और NEET की निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अब तक 172 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो चुके हैं।”
डीएम ने बच्चों को अपने शिक्षकों से प्रश्न पूछने और जिज्ञासाओं को शांत करने की सलाह देते हुए कहा कि यही आदत उन्हें ज्ञानवान बनाएगी।
प्रतियोगिता में हुआ जोश और उमंग का संचार
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए स्टेडियम के लिए कबड्डी मैट और बैडमिंटन कोर्ट की व्यवस्था की मांग रखी।
ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है और ग्राम पंचायत स्तर तक प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी एस.पी. सेमवाल, डीईओ (प्रा.) नरेश कुमार, अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षा संघ चंद्रवीर नेगी, जिला क्रीड़ा समन्वयक विनोद नेगी, राष्ट्रीय कबड्डी कोच मनोज नेगी, व्यायाम प्रशिक्षक, ब्लॉक समन्वयक, विभिन्न ब्लॉकों के खिलाड़ी छात्र-छात्राएं तथा अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
