निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने लिया भंडारण एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी रहे उपस्थित
टिहरी/दिनांक 08 अक्टूबर, 2025।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल सुश्री नितिका खंडेलवाल ने बुधवार को ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित वेयरहाउस में पोल्ड ईवीएम, पोल्ड वीवीपैट, कैटेगरी-डी की मशीनों तथा ट्रेनिंग एवं अवेयरनेस हॉलों का मासिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव, रिकॉर्ड प्रबंधन और सीलिंग प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मशीनें सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से रखी जाएं, ताकि किसी भी परिस्थिति में मशीनों की अखंडता पर कोई प्रश्नचिह्न न उठे।
डीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए ईवीएम और वीवीपैट की देखरेख में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, कांग्रेस प्रतिनिधि नवीन सेमवाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, तहसीलदार मो. शहदाब सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
