डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में हुई जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक, 523 बूथों पर 45 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक, छूटे बच्चों तक 13 से 18 अक्टूबर तक पहुँचेगी स्वास्थ्य टीम
टिहरी/दिनांक 08 अक्टूबर, 2025।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल सुश्री नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सभागार नई टिहरी में उपराष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को बच्चों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने और पोलियो उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित न रहने दिया जाए।
डीएम ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी पोलियो बूथ प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक खुले रहें, और सभी शिक्षक व कर्मचारी पोलियो खुराक पिलाने का संकल्प लें।
बाल विकास विभाग को आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को बूथ तक लाने के निर्देश दिए गए।
सूचना विभाग और पंचायतीराज विभाग को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ग्राम प्रधानों और सदस्यों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अपने संपर्क नंबर क्षेत्रीय अधिकारियों को उपलब्ध कराएंगे, ताकि समन्वय में कोई बाधा न आए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि 12 अक्टूबर, 2025 को पूरे जनपद में 0 से 5 वर्ष तक के 45,882 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके लिए 523 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जिन पर 1,992 स्वास्थ्य कर्मी तैनात रहेंगे। इनमें 473 बूथ पर्वतीय क्षेत्र और 50 बूथ ढालवाला क्षेत्र में होंगे।
उन्होंने बताया कि जो बच्चे पहले दिन खुराक से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 13 से 18 अक्टूबर, 2025 तक घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
डॉ. विजय ने बताया कि अभियान के साथ-साथ “अनिमिया मुक्त भारत कार्यक्रम” भी चलाया जा रहा है। इसके तहत जनपद के 1885 सरकारी विद्यालयों के 68,522 छात्र और 299 निजी विद्यालयों के 33,848 छात्र को आयरन फोलिक एसिड (IFA) की दवा दी जाएगी। सभी बीईओ कार्यालयों में दवा पहुंचा दी गई है, जबकि निजी विद्यालयों में 10 अक्टूबर से IFA वितरण प्रारंभ होगा। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निजी विद्यालयों के नोडल शिक्षकों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के नामित सदस्य डॉ. अंकित गुप्ता ने वाइल्ड पोलियो वायरस और पोलियो कवरेज के मानकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनपद टिहरी में बूथ कवरेज 50 प्रतिशत से अधिक है, जो कि राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।
बैठक में सीएमएस जिला चिकित्सालय बौराड़ी डॉ. अमित राय, सीएमएस नरेंद्रनगर डॉ. सुनीता, जिला क्षय रोग अधिकारी जितेंद्र भंडारी, एमओआईसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
