देहरादून अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महोत्सव में दो पेटेंट, 136 शोध पत्र, 15 नई जलीय मकड़ी प्रजातियों की खोज और विशिष्ट वैज्ञानिक योगदान के लिए सम्मानित
देहरादून, 15 नवम्बर 2025।
राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पंकज बहुगुणा को उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST) द्वारा आयोजित 6वें देहरादून अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महोत्सव–2025 में प्रतिष्ठित “एक्सीलेंस इन रिसर्च ऑफ द ईयर–2025” पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, पूर्व Head of Forest Force जय राज तथा उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष प्रो. देवेंद्र भसीन द्वारा प्रदान किया गया।
दो महत्वपूर्ण पेटेंट के लिए मिला सम्मान
इस वर्ष डॉ. बहुगुणा को दो महत्वपूर्ण पेटेंट प्राप्त हुए—
- डिज़ाइन पेटेंट
- स्मार्ट एक्वाकल्चर सिस्टम पेटेंट
उल्लेखनीय है कि राज्य के सरकारी, गैर-सरकारी महाविद्यालयों, राज्य एवं निजी विश्वविद्यालयों के 12 प्राध्यापकों का चयन इस पुरस्कार हेतु किया गया, जिनमें राजकीय महाविद्यालयों से केवल डॉ. पंकज बहुगुणा का चयन हुआ।
वैज्ञानिक शोध में बहुगुणा का विशिष्ट योगदान
डॉ. बहुगुणा अब तक—
- 136 शोध पत्र राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित कर चुके हैं।
- जलीय मकड़ियों की 15 नई प्रजातियों की खोज कर चुके हैं।
- तीन पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं।
- गढ़वाल क्षेत्र में पहली बार फ्रेश वाटर प्रॉन (झींगा मछली) पर शोध करने का श्रेय भी इन्हीं को जाता है।
- जलीय मकड़ियों के बहाव व्यवहार के अध्ययन हेतु “डोबरियाल–बहुगुणा ड्रिफ्टिंग इंडेक्स” का प्रतिपादन किया—जो विश्व स्तर पर पहली बार किया गया वैज्ञानिक कार्य है।
- 6 शोध छात्रों को पीएच.डी. करवाने का मार्गदर्शन किया है।
- UGC, DRDO और DST द्वारा प्रायोजित महत्त्वपूर्ण शोध परियोजनाओं का सफल संचालन किया है।
पुरस्कार चयन समिति
अवार्ड की स्क्रीनिंग समिति में शामिल थे:
- एन. रवि शंकर (पूर्व IAS), अध्यक्ष
- संयुक्त निदेशक ए.एस. उनियाल (कन्वीनर)
- प्रो. अमित अग्रवाल (निदेशक, उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय, गोपेश्वर)
- प्रो. गीता जैन (प्रिंसिपल, दून मेडिकल कॉलेज)
- प्रो. अजय सक्सेना (पूर्व प्राचार्य, डीएवी कॉलेज देहरादून)
- प्रो. प्रेम कश्यप
- संयुक्त निदेशक UCOST डॉ. डी.पी. उनियाल
- ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री कुंवर अस्थाना
महोत्सव में UCOST के संयुक्त निदेशक डॉ. डी.पी. उनियाल, उच्च शिक्षा संयुक्त निदेशक प्रो. ए.एस. उनियाल सहित अनेक वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।
डॉ. बहुगुणा ने सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया श्रेय
डॉ. बहुगुणा ने कहा कि—
“हमारा महाविद्यालय डिग्री कॉलेज स्तर पर उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करता है। पूर्व प्राचार्य प्रो. डी.एन. तिवारी सदैव प्राध्यापकों को शोध कार्य के लिए प्रेरित करते रहे हैं।”
महाविद्यालय परिवार ने दी बधाई
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कुलदीप सिंह, प्रो. डीएस मेहरा, डॉ. डीपी पांडे, डॉ. मुक्ता डंगवाल, डॉ. मनोज बिष्ट, डॉ. रेनू गौतम, डॉ. मंजू भंडारी, डॉ. माधुरी कोहली, डॉ. नीतू बलूनी, डॉ. पायल अरोड़ा, डॉ. गुंजन मथुर, डॉ. राकेश नौटियाल, डॉ. पूजा रावत, डॉ. प्रतिभा बलूनी और संपूर्ण शिक्षणेत्तर कर्मचारीगण ने डॉ. बहुगुणा को इस उपलब्धि पर बधाई दी।
