नशामुक्ति की शपथ, नगर सीवरेज योजना के तहत 2.00 एमएलडी एसटीपी का भूमिपूजन; लौह पुरुष के योगदान और उत्तराखण्ड की उपलब्धियों पर मंत्री ने किया संबोधन
टिहरी/15 नवम्बर 2025।
सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष में शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज नरेन्द्रनगर से एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया।
पदयात्रा का मार्ग जीआईसी नरेन्द्रनगर से सुमन हॉस्पिटल, बाजार लाइन, कुमारखेड़ा होते हुए टाउन हॉल नरेन्द्रनगर तक निर्धारित था, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, छात्र-छात्राएँ और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
सीवरेज योजना के तहत एसटीपी का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने नगरपालिका परिषद नरेन्द्रनगर क्षेत्रान्तर्गत स्वीकृत नगर सीवरेज योजना (लागत ₹4184.87 लाख) के अंतर्गत प्रस्तावित 2.00 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी का भूमिपूजन किया। यह परियोजना नगर के स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सरदार पटेल के विचार आज भी प्रासंगिक: सुबोध उनियाल
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत की एकता, अखंडता और सुशासन के लिए अपने जीवन को समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा—
- “सरदार पटेल ने आज़ादी के बाद कश्मीर से कन्याकुमारी तक रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। इसलिए उन्हें लौह पुरुष कहा गया और उनके भव्य स्टेच्यू को ‘एकता का प्रतीक’ स्वरूप नाम दिया गया।”
- मंत्री ने युवाओं से सरदार पटेल के कार्यों और दृढ़ संकल्प से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उत्तराखण्ड की रजत जयंती और विकास कार्यों का उल्लेख
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड इस वर्ष अपना रजत जयंती वर्ष मना रहा है और राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा—
- स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने उदारता से उत्तराखण्ड को अलग राज्य का दर्जा दिया।
- वहीं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 11 वर्ष के कार्यकाल में राज्य को अनेक सौगातें प्रदान की हैं, जिससे विकास गति तेज हुई है।
कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधि और अधिकारी
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नरेन्द्रनगर दीक्षा राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेन्द्र भण्डारी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विक्रम सिंह, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
