राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर पर्यटन विभाग ने टिहरी झील में वाटर स्पोर्ट्स, एरो स्पोर्ट्स और स्वच्छता अभियान सहित विविध कार्यक्रमों से बढ़ाई जनभागीदारी — युवाओं में रोमांचक पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य।
टिहरी।
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती वर्ष) के उपलक्ष्य में पर्यटन विभाग द्वारा राज्यभर में विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में टिहरी झील में पर्यटन विभाग की ओर से रोमांचक वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का भव्य प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे यह आयोजन सफल और प्रभावशाली बन गया।
इस अवसर पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत राज्यभर में स्वच्छता अभियान, पर्यटन गोष्ठियाँ, एरो स्पोर्ट्स गतिविधियाँ, वाटर स्पोर्ट्स प्रदर्शन, और एमटीवी साइकिल रैली जैसे कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य प्रदेश में पर्यटन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, युवाओं में साहसिक पर्यटन के प्रति रुचि उत्पन्न करना, तथा स्वच्छ और सुरक्षित पर्यटन की भावना को जन-जन तक पहुँचाना है।
कार्यक्रम में वोट यूनियन अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी, सचिव मनीष रावत, उपाध्यक्ष नीरज, कोषाध्यक्ष अनूप पंवार, सुरेश पैन्यूली, सुमेर रावत, मनोज विजल्वाण, उम्मेद राणा, गीता चौहान, दर्मियान सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में पर्यटक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल टिहरी झील के पर्यटन आकर्षण को पुनर्जीवित करता है, बल्कि उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म की नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हुआ।
