धनोल्टी के मरोड़ा में बारिश से मकान टूटा, दो मासूमों की मौत
Tehri News: तहसील धनोल्टी के ग्राम मरोड़ा में रात्रि में हुई बारिश से प्रवीण दास के मकान के पीछे की दीवार टूट गई, जिसमें उनके दो बच्चे दब गए, जिनके रेसक्यू हेतु राजस्व उप निरीक्षक ल्वारखा, पुलिस चौकी सत्यौं द्वारा बच्चों को मलबे से निकाला गया व दोनों बच्चों को पीएचसी सत्यौं पहुंचाया गया, जिन्हें डाक्टर द्वारा मृतृ घोषित किया गया।
1- कु. स्नेहा पुत्री प्रवीण दास, उम्र 12 वर्ष
2- रणवीर पुत्र प्रवीण दास, उम्र 10 वर्ष मृतक
विधायक धनोल्टी प्रीतम सिंह पंवार और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ग्राम मरोड़ा, तहसील धनोल्टी क्षेत्र पहुंचकर अतिवृष्टि/आपदा से प्रभावित परिवार से मिलकर हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। साथ ही घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस मौके पर राजकीय अतिरिक्त प्रा. स्वास्थ्य केंद्र सत्यों सकलाना में उक्त आपदा में हुई जनहानि के 4-4 लाख के आर्थिक सहायता के चेक परिजनों को वितरित किए गए।
इस मौके पर एडीएम के.के. मिश्र, एसडीएम धनोल्टी आशीष घिल्डियाल, प्रधान मरोड़ा नीलम, उपाध्यक्ष ओबीसी संजय नेगी सहित बीडीओ, ईई पीडब्ल्यूडी, तहसीलदार, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण मौजूद रहे।
उक्त दुर्घटना में एक व्यक्ति को हल्की चोट लगी है, जिसका उपचार रा.प्रा.स्वास्थ्य केंद्र सत्यौं सकलाना में कर के उसे घर भेज दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार उक्त दुर्घटना अत्याधिक बारिश के कारण गधेरे के पानी बढ़ने से हुई
आपदा प्रभावितों एवं अन्य ग्रामीणों को कोई दिक्कत न हो इस हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
उक्त आपदा प्रभावित परिवार हेतु भूमि चयन कर अटल आवास के माध्यम से प्रस्तावित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही खतरे की जद में आने वाले घरों को भी चिन्हित करने तथा अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी द्वारा गांव के पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर गांव के समीप बह रहे गदेरे को डायवर्ट करने के लिए सिंचाई विभाग को रिवर चैनलाइजेशन करने के निर्देश दिए गए।
लोनिवि को सड़क के किनारे बनी नाली को तत्काल अतिरिक्त मशीन लगाकर खुलवाने के निर्देश दिए गए है।
एडीएम, एसडीएम, आपदा अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त होने तक मौके पर बने रहने के भी निर्देश किए गए।
इस मौके पर ग्रामीणों द्वारा हटवाल गांव एवं मरोड़ा के दो पुल का मरमत करने, उनियाल गांव के बाडियों तोक एवं मरोड़ा के सैण नामे तोक के परिवार को विस्थापन करने की मांग की गई। मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार भी मौके पर हैं।
