पौराणिक शिवालय छाती में उमड़ा आस्था का सैलाब, हरेला के तहत किया बेल व समी के पौधों का रोपण
नई टिहरी: पावन श्रावण मास के प्रथम सोमवार, सोमवती अमावस्या पर श्री महादेव ग्राम छाती स्थित पौराणिक शिवालय में आज आस्था का भारी सैलाब उमड़ा। हजारों शिवभक्तों ने शिवालय में आकर जलाभिषेक किया।
इस मौके पर मखलोगी प्रखण्ड के पौराणिक शिवालय परिसर में लोक पर्व हरेला के तहत बेल एवं समी आदि के पौधों का रोपण भी किया गया।
शिवालय मन्दिर समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय युवकों ने मन्दिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया, सावन के पहले सोमवार को दोपहर बाद तक शिवभक्तों के आने- जाने का क्रम चलता रहा। पूर्व की भाँति इस बार भी जलाभिषेक हेतु शिवभक्तों का तांता लगा रहा। गांव की महिला शक्ति द्वारा शिवालय में कीर्तन भजन गाकर शिवार्चन किया गया।
इस मौके पर मन्दिर समिति के पदाधिकारी विजय सिंह चौहान, दर्मियान सिहं गरखवाल, दीपेन्द्र रावत, मनवीर रावत, सुनील चौहान, शूरवीर चौहान, धान सिंह चौहान, आशीष चौहान, लक्की, आर्यन, अनुराग चौहान आदि अनेक स्थानीय लोग मौजूद रहे।
