नई टिहरी : कोविड-19 अनलाॅक के दौरान स्कूल खोले जाने के सम्बन्ध में गठित जनपद स्तरीय माॅनिटरिंग कमेठी की बैठक जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में सम्पन हुई।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये गये कि जनपद में जिन स्कूलों को खोला गया है। उन स्कूलों में शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ की कोविड-19 जांच अनिवार्य रूप से की जाय। जिन छात्र-छात्राओं में कोविड-19 के लक्षण दिखायी दें उनकी भी तत्काल जांच करवायी जाय।
स्कूलों में सोशल डिस्टेसिंग व कोविड-19 सम्बन्धी अन्य नियमों का हो पालन
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जनपद में खोले गये स्कूलों की सूची सभी उप जिलाधिकारियों, मुख्य चिकित्साधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये ताकि उप जिलाधिकारियों द्वारा क्षेत्रान्तर्गत खोले गये स्कूलों का स्थलीय निरीक्षणकर यह देखा जा सके कि स्कूलों में सोशल डिस्टेसिंग व कोविड-19 सम्बन्धी अन्य नियमों का पालन किया जा रहा है अथवा नहीं तथा मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा भी नजदीकी चिकित्सालयों को सम्बन्धित स्कूलों में कोविड-19 की जांच हेतु निर्देश दिये जा सके।
स्कूलों में सोशल डिस्टेन्सिंग का भलि-भांति अनुपालन सुनिश्चित किया जाय
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि स्कूलों में सोशल डिस्टेन्सिंग का भलिभांति अनुपालन सुनिश्चित किया जाय। प्रत्येक कक्ष में 15 से अधिक छात्र नहीं बैठने चाहिए। अधिक बडा कक्ष होने पर 20 से अधिक छात्र न बैठाए जायं। स्कूलों में हैन्डवाश की समुचित व्यवस्था हो तथा हाथ धोने हेतु समयावधि निर्धारित कर दी जाय ताकि छात्र-छात्राएं बार-बार हाथ धोने के लिए पे्ररित हों। स्कूलों में कोविड-19 से बचाव सम्बन्धी जागरूकता गतिविधियां लगातार आयोजित की जायें।
बता दें कि 02 नवम्बर से जनपद में 10वीं एवं 12वीं की कक्षाएं शुरू हो गयी हैं। जनपद स्तरीय माॅनिटरिंग कमेठी जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित की गयी है। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी नोडल अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदस्य नामित हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक रूहेला, मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी सेमवाल, मुख्य चिकत्साधिकारी सुमन आर्य, सीओ डीएस तोमर आदि उपस्थित थे।
