कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने दी जानकारी, 30,000 से अधिक आवेदन पहले ही प्राप्त
टिहरी, 02 दिसंबर 2025। नंदा गौरा योजना के लिए आवेदन की अंतिम तारीख अब 20 दिसंबर 2025 तक बढ़ा दी गई है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के निर्देशों के क्रम में विभाग ने यह निर्णय लिया है।
रेखा आर्या ने बताया कि पहले आवेदन की अंतिम तारीख 30 नवंबर तय की गई थी। कन्या जन्म के आधार पर योजना का लाभ लेने और 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद सहायता प्राप्त करने के लिए अब तक 30,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जन मिलन कार्यक्रमों के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर लोगों ने बताया कि पात्र होने के बावजूद वे विभिन्न कारणों से आवेदन नहीं कर पाए। ऐसे लोगों को अवसर देने के लिए आवेदन की तारीख बढ़ाकर 20 दिसंबर कर दी गई है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्राप्त आवेदनों में 21 दिसंबर से 31 दिसंबर तक सुधार का अवसर दिया जाएगा, लेकिन इसके बाद तारीख आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को समय सीमा के भीतर आवेदन करना होगा।
