जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी में 156वीं जयंती पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि
नई टिहरी।
जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय नई टिहरी में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 156वीं जन्म जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का पूरा नाम मोहनदास करमचंद गांधी था। उनका जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ। सत्य और अहिंसा को जीवन का आधार बनाकर उन्होंने भारत को स्वतंत्र कराने की ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी। दक्षिण अफ्रीका में सत्याग्रह का बीज बोने के बाद भारत लौटकर उन्होंने असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन जैसे कई अहिंसक आंदोलनों का सफल नेतृत्व किया।
उन्होंने कहा कि गांधी जी को सच्चे अर्थों में राष्ट्रपिता का दर्जा इसलिए मिला क्योंकि उन्होंने न केवल स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया, बल्कि समाज को समानता, सत्य, स्वराज और आत्मनिर्भरता का संदेश भी दिया।
प्रदेश कांग्रेस के सचिव और गांधी विचारक सैयद मुसर्रफ अली एवं महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष आशा रावत ने भी गांधी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने अपने जीवन से साबित किया कि सत्य और अहिंसा किसी भी अन्यायपूर्ण सत्ता से लड़ने का सबसे बड़ा हथियार है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा, प्रदेश कांग्रेस के सचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुसर्रफ अली, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष आशा रावत, विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एडवोकेट सोहन सिंह रावत, वरिष्ठ गांधीवादी नित्यानंद डोभाल, पवन चमोली, नवीन धनाई, विक्रम प्रजापति, राहुल, विनय, सौरव, आदित्य, अंकुर, हजेलोक सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
