नई टिहरी कलेक्ट्रेट सभागार में लंबित राजस्व वादों की तहसीलवार समीक्षा, आगामी चुनाव तैयारियों और आधार सैचुरेशन पर भी हुई चर्चा
टिहरी/25 सितम्बर 2025। DM Tehri नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आज गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार, नई टिहरी में राजस्व एवं फौजदारी वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में छह महीने से अधिक समय से लंबित राजस्व वादों की तहसीलवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
चुनाव तैयारियों पर फोकस
बैठक के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी ने आगामी चुनावों की तैयारियों से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने मतदेय स्थलों के मिलान की तहसीलवार स्थिति बताई। इस पर जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के मतदेय स्थलों की जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
आधार कार्यों की समीक्षा
बैठक में डिस्ट्रिक्ट लेवल आधार कमिटी की समीक्षा भी की गई। इसमें संबंधित अधिकारियों ने आधार कैंप आयोजन, आधार कार्ड सैचुरेशन, आधार केंद्रों के नियमित निरीक्षण और पोर्टल पर लंबित कार्यों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम और तहसीलदार अपने क्षेत्र के CSC सेंटरों का निरीक्षण अवश्य करें और यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी अतिरिक्त डॉक्यूमेंटेशन या शासन द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक शुल्क न लिया जा रहा हो।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार, एसडीएम धनोल्टी मंजू राजपूत, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिड़ियाल, एसडीएम टिहरी संदीप, सभी तहसीलदार, पटवारी और राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारी भौतिक और वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
