राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में निर्वाचन उपकरणों का निरीक्षण, पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधरोपण भी किया गया।
नई टिहरी, 5 जून 2025 | विशेष संवाददाता
जिला मुख्यालय नई टिहरी के वेयरहाउस में आज जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में EVM (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) और VVPAT (वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में भाजपा के प्रतिनिधि जयेंद्र पवार, कांग्रेस के गब्बर सिंह रावत एवं नवीन सेमवाल समेत निर्वाचन विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान मशीनों की स्थिति, सुरक्षित भंडारण, सील व्यवस्था, और पारदर्शिता सुनिश्चित की गई।
इस अवसर पर विश्व पर्यावरण दिवस को ध्यान में रखते हुए पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अधिकारियों और दलों के प्रतिनिधियों ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया।
इस संयुक्त पहल के माध्यम से प्रशासन ने पारदर्शी चुनाव व्यवस्था और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को एक साथ जोड़ते हुए जनहित में एक सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया।
