“एक वृक्ष मां के नाम” अभियान, पर्यावरण रैली, सामग्री वितरण और ब्रांड एंबेसडर सम्मान के माध्यम से दिया गया स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
चंबा, टिहरी गढ़वाल | 5 जून 2025 | रिपोर्टः सो.ला.सकलानी ‘निशांत’ |
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद चंबा द्वारा एक वृहद पर्यावरणीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रन फॉर एनवायरमेंट, “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान, सामूहिक वृक्षारोपण, पर्यावरण मित्रों को डस्टबिन, बैग्स, रेनकोट का वितरण और स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर सम्मान समारोह जैसे विविध आयोजन हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर पालिका कार्यालय से जागरूकता रैली से हुई, जो चंबा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रेडक्रॉस परिसर तक पहुंची। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने एक-एक वृक्ष अपनी मां के नाम समर्पित करते हुए रोपित किया।
पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला ने नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई और जागरूकता का आह्वान किया। अधिशासी अधिकारी प्रशांत कुमार चौधरी ने आयोजन की निगरानी करते हुए सुचारु संचालन सुनिश्चित किया।
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के रूप में साहित्यकार सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ को सम्मानित किया गया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने कहा,
“पर्यावरण सुरक्षा सामूहिक कर्तव्य है और पेड़ लगाना नहीं, उनकी रक्षा करना अधिक महत्वपूर्ण है।”
उन्होंने वृक्षमानव विशेश्वर दत्त सकलानी का उदाहरण देते हुए वृक्ष संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। वैज्ञानिक प्रो. जगदीश प्रसाद कुनियाल और पर्यावरण चिंतक आर. लेस्टर ब्राउन के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने पेड़ को ‘शिव रूप’ बताते हुए प्रकृति की सेवा को नैतिक दायित्व बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का वन क्षेत्र राज्य को जैविक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत समृद्ध बनाता है, इसलिए हमें प्रकृति से सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष बलवीर पुंडीर, सभासद विक्रम चौहान, महेश पैन्यूली, शक्ति प्रसाद जोशी, दीपक गुनसोला, अरविंद मखलोगा, गौरव फोंदणी, रजनी, मनोरमा नकोटी, सरोजनी गैरोला, नगरपालिका कर्मचारी कृष्ण प्रसाद सेमवाल, आरएस नेगी, ओपी तिवारी, शरद पुंडीर, सीमा पुंडीर, बीना तोमर, प्रमिला नेगी, पवन सेमवाल, राजवीर, पूजा भट्ट, और सभी पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे।
