कृषि, बागवानी और पशुपालन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मान स्वरूप दस-दस हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए — सांस्कृतिक संध्या में होगा कवि सम्मेलन “शाम-ए-ग़ज़ल” वसीम बरेलवी के साथ।
टिहरी।
सरस मेला 2025 के दूसरे दिन मंगलवार को कृषि विभाग के तत्वाधान में किसान गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि, उद्यान एवं संबंधित विभागों द्वारा किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, योजनाओं और प्रगतिशील खेती की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम द्वारा कृषि, बागवानी एवं पशुपालन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 किसानों को सम्मानित किया गया, जिनमें 4 महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य भी शामिल थीं।
इन सभी को आत्मा योजना के तहत प्रोत्साहन स्वरूप ₹10,000 के चेक प्रदान किए गए।
मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने मिलेट मिशन, कृषि मशीनरी और फसल रोग प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी।
प्लांट प्रोटेक्शन ऑफिसर सोमनश गुप्ता ने कृषि योजनाओं की प्रस्तुति दी, जबकि जिला बागवानी अधिकारी अरविंद शर्मा ने कीवी मिशन, एप्पल मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन, ई-रूपी, जायका उत्तराखंड इंटीग्रेटेड होर्टिकल्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट तथा मौसम आधारित फसल बीमा योजना की जानकारी साझा की।
मुख्य पशु चिकित्सक अधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा ने राज्य पशु मिशन और पशु पोषण विषय पर चर्चा की।
सहायक निदेशक मत्स्य पालन डॉ. उपेंद्र सिंह ने पीएम मत्स्य संपदा योजना और ट्राउट फार्मिंग पर जानकारी दी।
कृषि विज्ञान केंद्र रानीचौरी से डॉ. आलोक येवाले ने रबी फसलों के विस्तार कार्यक्रम पर मार्गदर्शन दिया।
नाबार्ड के डीडीएम ए.एन. शुक्ला ने एफपीओ निर्माण और कार्यप्रणाली समझाई, जबकि एलडीएम मनीष मिश्रा ने केसीसी योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं और बैंकिंग जागरूकता पर जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा एवं युवा विभाग द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
सांस्कृतिक संध्या में “शाम-ए-ग़ज़ल” के अंतर्गत प्रसिद्ध शायर वसीम बरेलवी का कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, पीडी डीआरडीए पी.एस. चौहान, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष चौहान, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई बृजेश गुप्ता, बीडीओ श्रुति वत्स सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
