सत्र 2024-25 की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार वितरित
भारतीय ज्ञान संस्कृति परीक्षा में राज्य स्तर पर छात्रों ने पाया स्थान, श्वेता ममगांई बनीं ओवरऑल चैम्पियन
रुद्रप्रयाग, 15 अक्टूबर 2025 | सरहद का साक्षी
राजकीय महाविद्यालय जखोली, रुद्रप्रयाग में आज प्राचार्य डाॅ. माधुरी की अध्यक्षता में सांस्कृतिक परिषद एवं संस्कृत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2024-25 में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक और शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
विविध प्रतियोगिताओं में छात्रों की शानदार भागीदारी
कार्यक्रम के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, रंगोली प्रतियोगिता, श्लोक गायन प्रतियोगिता, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, और भारतीय ज्ञान संस्कृति परीक्षा जैसी प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
छात्रों ने पारंपरिक संस्कृति एवं आधुनिक शिक्षा के समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
राज्य स्तर पर भी हासिल की उपलब्धि
सत्र 2024-25 की भारतीय ज्ञान संस्कृति परीक्षा में महाविद्यालय के तीन छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तर पर स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया —
- प्रथम स्थान : कल्पना
- द्वितीय स्थान : मानसी राणा
- तृतीय स्थान : शिवानी
इन सभी को महाविद्यालय स्तर पर भी पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।
ओवरऑल चैम्पियन बनीं श्वेता ममगांई
सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए ओवर ऑल चैम्पियन ट्रॉफी
बी.ए. पंचम सेमेस्टर की छात्रा श्वेता ममगांई को प्रदान की गई।
प्राचार्य डाॅ. माधुरी ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल छात्रों की प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।
धन्यवाद ज्ञापन एवं कार्यक्रम समापन
कार्यक्रम के अंत में डाॅ. भारती (कार्यक्रम संयोजिका एवं सांस्कृतिक परिषद प्रभारी) ने सभी छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य छात्रों को समग्र शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और परंपरा से जोड़ना है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
