जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने किया शुभारंभ, नगर पालिका अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत और चम्बा की शोभनी धनोला रहीं उपस्थित — स्वच्छता रैंकिंग सुधार को लेकर प्रशासन ने बनाई नई रणनीति।
नई टिहरी, 04 नवम्बर 2025।
जिला सभागार नई टिहरी में सोमवार को ‘टिहरी-चम्बा संपूर्ण स्वच्छता अभियान’ (TeCSSA) का शुभारंभ जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष चम्बा शोभनी धनोला द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में टिहरी जनपद की नगरपालिकाओं की निराशाजनक रैंकिंग को देखते हुए रैंकिंग सुधार और नागरिक जागरूकता के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गई है।
अभियान के प्रथम चरण में नई टिहरी और चम्बा नगर पालिका क्षेत्र शामिल किए गए हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य वार्डवार सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना, कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, और स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर उतारना है।
सम्मान और मूल्यांकन व्यवस्था
डीएम खण्डेलवाल ने बताया कि ‘बेस्ट स्वच्छ वार्ड’ के सभासद एवं नोडल अधिकारी को सम्मानित किया जाएगा, उनके नाम जिला कार्यालय और नगर पालिका कार्यालय में प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ ही उन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
स्वच्छ वार्ड चयन के लिए एडीएम एवं पीडी डीआरडीए की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति गठित की गई है, जो प्रत्येक माह निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर चयन करेगी।
औचक निरीक्षण और समीक्षा बैठक
अभियान की प्रभावशीलता के लिए प्रत्येक बुधवार को जिलाधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष किसी भी वार्ड का औचक निरीक्षण करेंगे।
साथ ही, जिला समन्वय समिति द्वारा मासिक समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि कार्य की प्रगति का नियमित मूल्यांकन हो सके।
नोडल अधिकारियों की भूमिका
स्वच्छता अभियान को सशक्त बनाने हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों को वार्डवार नोडल प्रभारी अधिकारी नामित किया गया है।
ये अधिकारी अपने आवंटित वार्ड में —
- सफाई व्यवस्था,
- कचरा पृथक्करण,
- स्वयंसेवक दल गठन,
- कार्ययोजना का क्रियान्वयन
सुनिश्चित करेंगे।
उपस्थित अधिकारीगण
इस अवसर पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम अवधेश कुमार सिंह, एसडीएम प्रतापनगर (आईएएस प्रशिक्षु) स्नेहल कुंवर, सीएमओ श्याम विजय, एसडीएम टिहरी संदीप कुमार, पीडी डीआरडीए पी.एस. चौहान, डीडीओ मो. असलम, सभासद एवं नोडल प्रभारी मौजूद रहे।
