जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों संग समीक्षा बैठक में दिए स्पष्ट निर्देश — शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विवाह पंजीकरण कार्य में तेजी लाने पर जोर
टिहरी। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code – UCC) के सफल क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों के ईओ (Executive Officers) को निर्देशित किया कि समान नागरिक संहिता के अंतर्गत 26 मार्च 2010 के बाद संपन्न विवाहों की वार्डवार सूचीकरण (Listing) एवं पंजीकरण (Registration) की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने एडीपीआरओ को सभी एडीओ पंचायतों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर ग्राम पंचायतवार लिस्टिंग और पंजीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को मॉनिटरिंग एवं बीडीओ को अनुश्रवण (Monitoring and Supervision) करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी स्तर पर लापरवाही न हो।
बैठक में एडीएम अवधेश कुमार, एसडीएम टिहरी संदीप कुमार, अभियोजन अधिकारी सीमा रानी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
