राजकीय महाविद्यालय तेगड़ में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित, युवाओं को लक्ष्य हासिल करने के लिए किया प्रेरित
राज्य मंत्री विनोद सुयाल ने युवाओं को आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का दिया संदेश
तेगड़, टिहरी गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय तेगड़, लोस्तू, बडियार, टिहरी गढ़वाल में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. सुबोध कुमार की अध्यक्षता में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री विनोद सुयाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, डॉ. उत्तम भंडारी, गौरव राणा और राहुल भंडारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपने सपनों, आकांक्षाओं और लक्ष्यों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।
सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की छात्राओं सुहानी, अनुष्का, अपेक्षा, कृष्णा और सृष्टि द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुआ। छात्राओं की मधुर प्रस्तुति ने कार्यक्रम को भक्तिमय और आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. वेणीराम अंथवाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्यों की जानकारी दी।
लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करें युवा: विनोद सुयाल
मुख्य अतिथि विनोद सुयाल ने युवाओं के सपनों और उनके उज्ज्वल भविष्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़कर युवा अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं।
छात्र संघ अध्यक्ष सहित विद्यार्थियों ने रखे विचार
कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष सूर्य प्रकाश जोशी और छात्र कपिल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने युवाओं की आकांक्षाओं, भविष्य की संभावनाओं तथा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने में शिक्षा और दृढ़ संकल्प की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सृजना राणा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. दिनेश सिंह नेगी, डॉ. राजेश भट्ट, श्रीमती कविता बिष्ट और श्री संदीप नेगी सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
