राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर डोबरा चांठी सेतु में हुआ “सेतुबंध आसान” | जनपद के प्रतीक स्थल पर योग से जुड़ा संदेश — “स्वस्थ शरीर से ही होगा सतत विकास”
📍स्थान: टिहरी गढ़वाल | दिनांक: 08 नवम्बर, 2025
राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार को टिहरी गढ़वाल के प्रतीकात्मक स्थल डोबरा चांठी पुल पर योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर आयुष विंग की वरिष्ठ चिकित्साधिकारी सिद्धि मिश्रा ने योग शिक्षकों के सहयोग से योगासन और प्राणायाम करवाए। उन्होंने बताया कि योग मन, मस्तिष्क एवं शरीर की तंत्रिका तंत्र को सुदृढ़ करता है तथा विभिन्न व्याधियों से मुक्ति दिलाने में सहायक है। उन्होंने उपस्थित लोगों को बीमारियों की स्थिति के अनुसार उचित आसन अपनाने की सलाह दी।
विधायक किशोर उपाध्याय ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योग को विश्व स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए जनसहभागिता अनिवार्य है।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में डोबरा चांठी पुल पर योग आयोजन का उद्देश्य स्वस्थ शरीर, स्वस्थ पर्यावरण और सतत विकास का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि जब मन, मस्तिष्क और शरीर संतुलित होगा तभी समाज का समावेशी विकास संभव है।
योग कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, शशकासन, वक्रासन, मकरासन, सरल भुजंगासन, सेतुबंध आसन, पादहस्तासन, अर्धलासन, पवनमुक्तासन, प्राणायाम, कपालभाति, नाड़ी शोधन, शीतली और भ्रामरी प्राणायाम जैसे आसनों का अभ्यास किया। बताया गया कि ये योगासन एकाग्रता, पाचन शक्ति, मेरुदंड, श्वसन और तंत्रिका तंत्र को मजबूत करते हैं तथा उच्च रक्तचाप, अस्थमा, गठिया, दृष्टिदोष और कफ-वात विकारों में लाभदायक हैं।
कार्यक्रम में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत, नगर पालिका अध्यक्ष चम्बा शोभनी धनोला, ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, एडीएम अवधेश कुमार सिंह, एएसपी जे.आर. जोशी, डीडीओ मो. असलम, सीएमओ श्याम विजय, एसडीएम संदीप कुमार, एआरटीओ सतेंद्र राज, ईई प्रशांत भारद्वाज, डीपीआरओ एम.एम. खान, डीटीडीओ एस.एस. राणा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी सुभाष कुमार, एलडीएम मनीष, जिला उरेडा अधिकारी एस.एस. मेहर, डीडीएमओ बृजेश भट्ट, योग शिक्षक आशुतोष डबराल, वैशाली जुयाल, सुरजीत चौहान, सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, मीडिया प्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
