हर बुधवार नगर पालिका परिषद और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान, डीएम ने सोर्स सेग्रीगेशन व नालियों की स्थिति का किया निरीक्षण
टिहरी/दिनांक 12 नवम्बर, 2025।
नगर पालिका परिषद नई टिहरी एवं जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल द्वारा नगर क्षेत्र में हर बुधवार चलाया जा रहा साप्ताहिक स्वच्छता जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी है।
इसी क्रम में आज बुधवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने 8-डी रोड, बौराड़ी पहुंचकर स्वच्छता अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में लोगों द्वारा किए जा रहे जैविक एवं अजैविक कूड़े के सोर्स सेग्रीगेशन की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के कर्मचारियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर लोगों द्वारा नालियों को बंद कर दिया गया है, जिससे पानी निकासी में समस्या उत्पन्न हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
डीएम नितिका खण्डेलवाल ने कूड़ा निस्तारण डंपिंग जोन, मोकरी की दीवार ऊंचाई बढ़ाने से संबंधित जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
अभियान के तहत आज ई-ब्लॉक नई टिहरी, मोलधार नागराजा मंदिर के पास, पीडब्ल्यूडी रोड बौराड़ी तथा 8-डी रोड बौराड़ी में स्वच्छता स्थिति का निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने शहरवासियों से प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने और कूड़ा नियमित रूप से कूड़ा वाहन में डालने की अपील की।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल, पालिका कर्मचारी, स्वयंसेवी युवा एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
