दीपावली से पहले प्रदेशभर में चल रहा खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान — देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंहनगर और नैनीताल में सघन जांच, अमानतगढ़ में 10 क्विंटल मावा जब्त
देहरादून, 17 अक्टूबर 2025।
दीपावली के त्योहारी मौसम में मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए उत्तराखंड सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “मिलावट पर जीरो टॉलरेंस” निर्देशों के तहत प्रदेशभर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में चलाया जा रहा यह राज्यव्यापी अभियान उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही मिलावट के कारोबार में लिप्त लोगों को सख्त संदेश दे रहा है।
सचिव स्वास्थ्य एवं आयुक्त खाद्य संरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार के आदेश और अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी के पर्यवेक्षण में सभी जिलों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने निरीक्षण तेज कर दिया है।
राज्य की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि बाहरी राज्यों से मिलावटी मावा, दूध और मिठाइयां उत्तराखंड में प्रवेश न कर सकें।
स्पेशल टास्क फोर्स जैसी सघन निगरानी
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि दीपावली तक पूरे प्रदेश में निगरानी दल गठित किए गए हैं। जिन क्षेत्रों से मिलावट की शिकायतें आ रही हैं, वहां सरप्राइज चेकिंग की जा रही है। प्रत्येक जिले से रोजाना रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी, ताकि अभियान की तीव्रता और जांच का दायरा बढ़ाया जा सके।
विभाग ने जनता से अपील की है कि सस्ती मिठाइयों और खुले मावे से बचें, और मिठाई खरीदते समय ब्रांड, पैकिंग व एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें।
देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
दीपावली से पहले देहरादून जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।
सहायक आयुक्त मनीष सयाना के नेतृत्व में टीमों ने हर्रावाला, मोहकमपुर, हरिद्वार रोड और सहसपुर क्षेत्रों में मिठाई दुकानों पर छापेमारी की।
निरीक्षण के दौरान कलाकंद, घी और दूध उत्पादों के 10 नमूने जांच हेतु खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए। इस दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, संजय तिवारी और कपिल देव सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
विभाग ने स्पष्ट किया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अमानतगढ़ में बड़ी कार्रवाई — 10 क्विंटल मावा जब्त
थाना बुग्गावाला क्षेत्र स्थित अमानतगढ़ पुलिस चौकी में खाद्य सुरक्षा विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने महिंद्रा SUV-500 वाहन से लगभग 900 किलो (10 क्विंटल) मावा बरामद किया।
यह वाहन मुज़फ्फरनगर से देहरादून की ओर जा रहा था। मावा में मिलावट की आशंका के चलते नमूने लेकर रुद्रपुर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
वाहन चालक आरिफ पुत्र मोहम्मद नईम और मालिक छुट्टन लाल प्रमोद कुमार से पूछताछ जारी है। बताया गया कि यह मावा देहरादून के हनुमान चौक क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।
इस कार्रवाई में FDA गढ़वाल के उपायुक्त आर.एस. रावत, सहायक आयुक्त एम.एन. जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और अमानतगढ़ पुलिस टीम शामिल रही।
रुड़की में बिना तापमान नियंत्रण के मावा सप्लाई पकड़ी गई
रुड़की क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा टीम ने दिल्ली से आ रही मारुति SUV (DL10CT0544) को रोका। जांच में करीब 10 लीटर मावा बरामद हुआ, जिसकी कीमत ₹55,000 आंकी गई।
वाहन में तापमान नियंत्रण प्रणाली नहीं थी और न ही खाद्य परिवहन का लाइसेंस। मावा अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार पाया गया।
टीम ने मौके से नमूने लेकर जांच हेतु भेजे, और बरामद मावा को वहीं नष्ट कर दिया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
“राज्य सरकार प्रदेशवासियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। दीपावली जैसे त्योहारों पर मिलावटखोरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है और हर जिले में निरीक्षण टीमों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।”
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत
“त्योहारी सीजन में दूध, मावा और मिठाई की मांग बढ़ती है, ऐसे में मिलावट की आशंका अधिक होती है। विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध प्रतिष्ठान पर तुरंत कार्रवाई करें। जनता से भी अपील है कि संदिग्ध खाद्य वस्तुओं की सूचना तुरंत दें।”
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार
“प्रदेशभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। सीमाओं, मंडियों और शहरी क्षेत्रों में गहन निरीक्षण हो रहा है। कोई भी व्यक्ति या व्यापारी खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ FSSAI अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
