अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का उत्साहवर्धन: सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम
स्वरोजगार के अवसरों पर बल, ‘शराब नहीं संस्कार’ अभियान की प्रशंसा
चंबा, 08 मार्च 2025:
चंबा ब्लॉक के ढरसाल गांव और जाखणीधार ब्लॉक के गेंवली गांव में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति रानीचौरी की पहल पर आयोजित इन कार्यक्रमों में महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया गया। गोष्ठियों में महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की जानकारी दी गई।
गोष्ठी का शुभारंभ और योजनाओं की जानकारी
गेंवली गांव में आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ जाखणीधार की ब्लॉक प्रशासक सुनीता देवी ने किया। उन्होंने महिलाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनसे इन योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की। इसके साथ ही, उन्होंने स्वरोजगार के अवसरों पर जोर देते हुए महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
‘शराब नहीं संस्कार’ मुहिम की सराहना
सुनीता देवी ने ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा द्वारा चलाए जा रहे ‘शराब नहीं संस्कार’ अभियान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहा है और इसे क्षेत्र के लोग पूरे उत्साह के साथ अपना रहे हैं।
उत्साह और जोश के साथ मनाया नारी सशक्तिकरण का पर्व
कार्यक्रम में एफपीओ के अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और नारी सशक्तिकरण के इस पर्व को पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया। कार्यक्रम में ग्राम प्रशासक हर्षमणि सेमवाल, कृष्णा देवी, रेखा देवी, रजनी देवी, संस्था की सचिव कुंभीबाला भट्ट, लक्ष्मी बहुगुणा, सुषमा देवी, रीता देवी, शैला देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
