विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से किया संवाद
टिहरी गढ़वाल | धनोल्टी | जौनपुर
जनपद टिहरी गढ़वाल अंतर्गत तहसील धनोल्टी के विकासखंड जौनपुर की न्याय पंचायत सियाकेंप्टी के रामलीला मैदान, केंप्टी में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में उत्तराखंड सरकार के लोक निर्माण विभाग, पर्यटन, सिंचाई, लघु सिंचाई, संस्कृति, ग्रामीण निर्माण, पंचायतीराज, जलागम प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण एवं भारत-नेपाल उत्तराखंड नदी परियोजनाएं विभाग के मंत्री सतपाल महाराज ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मंत्री सतपाल महाराज द्वारा विभिन्न विभागीय विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया, जिससे क्षेत्र के आधारभूत ढांचे, पर्यटन और ग्रामीण विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण, योजनाओं की दी जानकारी
बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। मंत्री सतपाल महाराज ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए।
उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों और लाभार्थियों से संवाद कर सरकार की योजनाओं की जानकारी ली और कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि सरकारी सेवाएं सीधे गांव-गांव तक पहुंचें, जिससे आमजन को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
ग्रामीण विकास व पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, सिंचाई, पर्यटन और ग्रामीण निर्माण से जुड़ी योजनाएं स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी। कैंपटी एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए सरकार निरंतर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने पर संतोष व्यक्त किया।
