खड़ीक के दरख्त से क्षतिग्रस्त भवन का विधायक श्री किशोर उपाध्याय ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए क्षति आकलन के निर्देश
खड़ीक के दरख्त से क्षतिग्रस्त आवासीय भवन का विधायक श्री किशोर उपाध्याय ने आज सायं छाती गांव में स्थलीय निरीक्षक कर अधिकारियों को क्षति का उचित आकलन किए जाने एवं वन विभाग को पेड़ हटाने के निर्देश दिए।
शुक्रवार सायं टिहरी क्षेत्र के विधायक श्री किशोर उपाध्याय ने मखलोगी प्रखण्ड के छाती गांव में जाकर पत्रकार केदारसिंह चौहान एवं उनके भाई की विधवा गोदाम्बरी देवी के क्षतिग्रस्त भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। खड़ीक के दरख्त से क्षतिग्रस्त भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को फटकार भी लगाई। उन्होंने क्षति की सही सूचना उच्चाधिकारियों तक न पहुंचने एवं मीडिया में प्रकाशित खबरों का प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संज्ञान न लिए जाने की भर्त्सना की।
उल्लेखनीय है कि 22 सितम्बर 2022 की सुबह साढ़े छः बजे ग्राम छाती गांव में एक खड़ीक का बहुत बड़ा पेड़ टूटकर पत्रकार केदारसिंह चौहान एवं उनकी अनुज बधू विधवा गोदाम्बरी देवी के आवासीय भवन को क्षतिग्रस्त कर गया था। जिस कारण परिवार को स्वयं के रहन-सहन एवं पालतू मवेशियों के रखने की समस्या से जूझना पड़ रहा है। एक सप्ताह से अधिक का समय बीत जाने के बाबजूद भी केवल राजस्व उप निरीक्षक एवं वन विभाग के एक कर्मचारी के अलावा कोई भी जिम्मेदार अधिकारी पीड़ित परिवार की सुध लेने नहीं पहुंचा। इस मामले में प्रशासनिक उच्चाधिकारियों को भी सूचना से अवगत होने के बाबजूद भी गुमराह किया जाता रहा है। जिस पर क्षेत्रीय विधायक ने क्षोभ व्यक्त करते हुए प्रशासन को तत्काल संज्ञान लिए जाने हेतु निर्देशित भी किया गया।
इस दौरान विधायक श्री उपाध्याय ने छाती मोल्ठा मोटर मार्ग की धीमी प्रगति पर भी लोक निर्माण विभाग चम्बा के अधिकारियों को फटकार लगाई। वन विभाग के अधिकारियों को पेड़ हटाने के निर्देश दिए। विधायक श्री उपाध्याय ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
विधायक श्री उपाध्याय ने इस बीच नकोट स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन पर किसी भी कर्मचारी के मौजूद न होने पर गुस्सा जताया। इसके अलावा नकोट इंटर कालेज में आयोजित होने वाले बहुद्ेश्यीय शिविर की समय पर जानकारी जनता एवं स्वयं विधायक जी को उपलब्ध न कराये जाने पर नाराजगी भी जताई।
