विवेकानंद अकादमी का उत्कृष्ट प्रदर्शन, पूर्व सैनिक संगठन ने दी ध्वज को सलामी
रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
चंबा। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर क्षेत्र के वीसी गबर सिंह स्मारक चौक में एक भव्य समारोह का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला पूर्व सैनिक संगठन, व्यापार मंडल, नगर पालिका परिषद और स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मिलकर किया। समारोह में ज्ञात-अज्ञात सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सुबह कार्यक्रम की शुरुआत स्मारक पर ध्वज को सलामी और राष्ट्रगान के साथ हुई। क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को याद किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
समारोह का मुख्य आकर्षण स्वामी विवेकानंद अकादमी के छात्रों द्वारा प्रस्तुत सुंदर झांकियां, नुक्कड़ नाटिकाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। इससे पूर्व पूरे शहर में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, श्रीदेव सुमन इंटर कॉलेज बालिका, बालिका इंटर कॉलेज, मॉडर्न स्कॉलरशिप अकैडमी और कार्मल स्कूल के छात्रों ने प्रभात फेरियां निकालीं। विभिन्न संस्थाओं के अध्यक्षों ने ध्वजारोहण कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया।
पूर्व सैनिक संगठन और नगर पालिका का योगदान
शहर चौक स्मारक में पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष संजय रावत, पूर्व अध्यक्ष इंद्र सिंह नेगी, महिपाल सज्वाण, सोबन सिंह, विक्रम राणा, अनूप पुंडीर, कृष्णानंद मंमगाई और कमल सिंह नेगी ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला और सभी सभासदों ने स्मारक पर पुष्प अर्पित किए। शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनेता कार्यक्रम में शामिल हुए।
जनमानस मंत्रमुग्ध
विवेकानंद अकादमी के बच्चों की शानदार प्रस्तुति से जनमानस मंत्रमुग्ध हो गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य आशा सिलस्वाल एवं सभी शिक्षक कार्यक्रम का संचालन और निर्देशन कर रहे थे। कई वक्ताओं ने मंच से अपने विचार व्यक्त किए।
आपदा पीड़ितों को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंत में धराली और देश के अन्य क्षेत्रों में हाल की आपदाओं में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई और 2 मिनट का मौन रखा गया।
कवि ‘निशांत’ की विशेष भेंट
कवि सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने अपनी पुस्तक “पेड़ों के मसीहा” की प्रतियां गणमान्य व्यक्तियों और बच्चों को भेंट की, यह संदेश देते हुए कि “ताकि पृष्ठ गायब न हो और धरती घायल न हो।”
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख व्यक्ति
इस अवसर पर पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नरेंद्र चंद रमोला, साब सिंह सज्वाण, पूर्व अध्यक्ष सूरज राणा, शक्ति जोशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष बलवीर पुंडीर, जेष्ठ प्रमुख संजय मैठाणी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, पूर्व सैनिक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
