28 अप्रैल तक सड़क सुरक्षा कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य, चेक पोस्टों पर ओवरलोडिंग और फिटनेस की सख्त जांच के निर्देश
टिहरी, 25 अप्रैल, 2025
चारधाम यात्रा 2025 को सरल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने हेतु टिहरी जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को मुनिकीरेती स्थित नगर पालिका सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए शेष सड़क सुरक्षा कार्यों को 28 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका मुनिकीरेती और नगर पंचायत तपोवन को सभी सार्वजनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने तथा निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में भेजने का निर्देश दिया।
परिवहन विभाग को चेक पोस्टों पर ओवरलोडिंग व वाहन फिटनेस की जांच के लिए विशेष योजना बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया। एसडीएम नरेंद्रनगर को यात्रा अवधि में क्षेत्र में रहकर नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिला पंचायत को शिवपुरी, कौड़ियाला, ब्यासी आदि क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने और कूड़ा केवल डंपिंग जोन में भेजने को कहा गया। सूचना विभाग को निर्देशित किया गया कि मीडिया में प्रसारित भ्रामक खबरों का तत्काल खंडन करें और यात्रियों के सुखद अनुभवों को सोशल मीडिया पर प्रचारित करें।
इसके अतिरिक्त होटल और रेस्टोरेंट की रेट लिस्ट, सड़क अतिक्रमण, पेयजल व्यवस्थाएं, शौचालय एवं वाटर एटीएम की स्वच्छता की नियमित जांच करने को भी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
बैठक में एसएसपी आयुष अग्रवाल, एडीएम ए.के. पांडेय, एसडीएम देवेंद्र नेगी, अधिशासी अभियंता सिंचाई सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
