जनता मिलन कार्यक्रम में 57 शिकायतें प्राप्त, डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा, मानसून को देखते हुए सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर रहने के निर्देश
नई टिहरी, 20 जुलाई 2026 | SKS News
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं। कार्यक्रम के दौरान कुल 57 शिकायतें एवं मांग-पत्र प्राप्त हुए, जिनके त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करते हुए अधिक समय से लंबित मामलों पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मानसून सीजन को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालयों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा हर समय अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का पंजीकरण दोपहर एक बजे तक अनिवार्य रूप से किया जाए।
जनता मिलन कार्यक्रम में विकासखंड जाखणीधार के ग्राम कफलोग निवासी पुरुषोतम लाल ने लोक निर्माण विभाग द्वारा आपदा के दौरान बनाई गई सुरक्षा दीवार के क्षतिग्रस्त होने से आवासीय भवनों को खतरा होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग नई टिहरी को मौके का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
विकासखंड नरेंद्रनगर की ग्राम पंचायत छोटी बेरनी निवासी सीता देवी ने बेरनी छोटी-अमसारी मोटर मार्ग पर मलबा आने से कृषि भूमि को नुकसान तथा सड़क के एक हिस्से पर पुश्ता क्षतिग्रस्त होने से पेयजल लाइन टूटने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर एवं जल संस्थान नई टिहरी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
तहसील टिहरी के ग्राम गुनोगी (पट्टी बमुण्ड) निवासी सुरती राम ने शिकायत की कि उनके मकान के ऊपर स्थित एक होटल स्वामी द्वारा बनाए गए पुश्ते पर दरारें आ गई हैं तथा वहां मलबा डंप किए जाने से भारी बारिश के दौरान मकान को खतरा उत्पन्न हो गया है। प्रशासन द्वारा मकान खाली करने की सलाह दिए जाने के बाद उन्होंने परिवार एवं मवेशियों के लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उत्तरकाशी जनपद के नागणी, चिन्यालीसौड़ निवासी अम्बिका प्रसाद एवं अन्य ग्रामीणों ने टिहरी बांध परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि का अब तक भुगतान न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने इस मामले में टीएचडीसी एवं विशेष भूमि अर्जन अधिकारी (SLAO) को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं कीर्तिनगर विकासखंड के ग्राम धारी के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई लंबी पेयजल लाइन के कारण नियमित जलापूर्ति में हो रही समस्या बताते हुए गांव में ट्यूबवेल स्थापित करने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान देवप्रयाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
