नशामुक्त समाज की दिशा में बड़ी पहल; ग्राम समाज सुधार समिति का गठन, नियम तोड़ने वालों पर लगेगा जुर्माना
चंबा/टिहरी गढ़वाल, 8 जून | SKS News | Sarhad Ka Sakshi Digital Media
टिहरी गढ़वाल जनपद के विकासखंड चंबा अंतर्गत ग्राम पंचायत पाली ने सामाजिक सुधार और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए शादी-विवाह, मुंडन संस्कार एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में शराब के वितरण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया है। इसके साथ ही गांव में सामाजिक जागरूकता और जनहित के कार्यों को गति देने के लिए ग्राम समाज सुधार समिति का गठन भी किया गया।
ग्राम पंचायत पाली में आयोजित विशेष ग्राम सभा की बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान जयसूरी देवी ने की। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए निर्णय लिया कि विवाह समारोह, धार्मिक आयोजनों तथा अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने अथवा शराब के सेवन से सामाजिक वातावरण को प्रभावित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ग्राम सभा द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण ने ग्राम पंचायत के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि नशामुक्त गांव ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज की पहचान है तथा अन्य ग्राम पंचायतों को भी इस मॉडल से प्रेरणा लेकर ऐसे कदम उठाने चाहिए।
‘शराब नहीं संस्कार’ अभियान के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति को लेकर बढ़ती जागरूकता अत्यंत उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत पाली का यह निर्णय केवल शराबबंदी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक संस्कारों, पारिवारिक मूल्यों और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की रक्षा का संकल्प भी है।
नवगठित ग्राम समाज सुधार समिति के अध्यक्ष नीरज सजवाण ने कहा कि समिति गांव में सामाजिक सुधार, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएगी तथा ग्राम पंचायत के निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू कराने में सहयोग करेगी।
बैठक के दौरान ग्राम समाज सुधार समिति का गठन किया गया, जिसमें नीरज सजवाण को अध्यक्ष, सुशीला देवी को उपाध्यक्ष, वीना सुयाल को सचिव, सुन्दरी देवी को सहसचिव तथा पुष्पा देवी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त अंजना सुयाल, विनिता सुयाल, गंगाराम सुयाल, रीना सुयाल, प्रतिक्षा सजवाण, वीना सजवाण एवं ललिता सजवाण को समिति का सदस्य बनाया गया।
ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि भविष्य में गांव के सभी सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सादगी, सामाजिक मर्यादा और पारंपरिक मूल्यों के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव जगदीश बडोनी, मुहिम से जुड़ी लक्ष्मी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत पाली का यह निर्णय क्षेत्र में सामाजिक सुधार और नशामुक्ति अभियान के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।
