50 शिकायतें हुईं पंजीकृत, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
टिहरी/दिनांक 13 अक्टूबर, 2025।
जनपद मुख्यालय नई टिहरी में सोमवार को आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विभिन्न विभागों से संबंधित 50 समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाए और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान है। इस दौरान उन्होंने कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराज़गी व्यक्त की और स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में यदि कोई अधिकारी बिना अनुमति अनुपस्थित पाया गया, तो उसका वेतन रोका जाएगा तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन व अन्य मामलों की समीक्षा
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विरासतन के कार्यों को समय से पूर्ण करने तथा आपदा प्रभावित ग्राम पनेथ के शिफ्टिंग प्रस्ताव की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जन शिकायतें एवं कार्यवाही
- गंभीर सिंह, ग्राम चामासारी ने बताया कि उन्होंने धनोल्टी पार्किंग किराये पर ली थी, जिसके लिए ₹3.5 लाख जमा किए गए हैं, परंतु बारिश और यात्रा सीजन धीमा रहने के कारण शेष ₹1.5 लाख माफ करने का अनुरोध किया गया। जिलाधिकारी ने इस पर एसडीएम धनोल्टी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
- राकेश चमोली, ग्राम डोबरा (पट्टी सारजूला) ने बताया कि उनकी पैतृक भूमि के अधिग्रहण का भुगतान सहखातेदारों को कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने इस पर पुनर्वास प्रभारी अधिकारी को जांच कर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए।
- शेर सिंह बिष्ट, ग्राम थापला (तहसील घनसाली) ने फिल्खी–द्वारी मार्ग पर भू-धसांव से आवागमन बाधित होने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई विभाग को जांच व आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
- राविन्द्र सिंह रावत, सदस्य क्षेत्र पंचायत दिखोलगांव (मनियार) ने ग्राम पंचायत के खेल मैदान में बाउंड्री, जाली और लाइट लगाने की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इस पर भी शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए।
जनता दरबार में उपस्थिति
इस अवसर पर एडीएम ए.के. सिंह, एसडीएम संदीप कुमार, आईएसए प्रशिक्षु स्नेहिल कुंवर सिंह सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
