कई दिनों की तलाशी के बाद मिली लाश, परिजन और ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका, जांच की मांग
डाबरी (टिहरी): क्षेत्र में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब कई दिनों से लापता सिमरन नामक युवती का शव डाबरी की खाई से बरामद हुआ। सिमरन रथी देवता मंदिर से अचानक लापता हो गई थी, जिसकी शिकायत परिजनों ने तत्काल स्थानीय प्रशासन को दी थी।
लगातार तलाशी अभियान के बाद पुलिस को आज उसकी लाश खाई में मिली। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण और पुलिस बल मौजूद रहा।
फिलहाल, मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बीच परिजनों और ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश हो सकती है।
जनता ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को प्राथमिकता पर रखने का आश्वासन दिया है।
