द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज को जल्द मिलेगा नियमित कुलसचिव, तकनीकी शिक्षा मंत्री ने दिए नियुक्ति के निर्देश
पॉलीटेक्निक छात्रावासों के नवीनीकरण कार्यों में तेजी लाने के आदेश, हर जिले में मॉडल पॉलीटेक्निक संस्थान विकसित करने की तैयारी
देहरादून, 01 जून 2026, SKS News।
उत्तराखंड के प्रतिष्ठित बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी), द्वाराहाट को जल्द ही नियमित कुलसचिव मिलने जा रहा है। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने संस्थान में लंबे समय से रिक्त चल रहे कुलसचिव पद को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को अपने शासकीय आवास पर आयोजित तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने संस्थान में नियमित कुलसचिव की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं तथा विद्यार्थियों को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एक सप्ताह में जारी होगी नियुक्ति विज्ञप्ति
बैठक में डॉ. रावत ने तकनीकी शिक्षा निदेशक को निर्देशित किया कि कुलसचिव पद पर नियमित नियुक्ति हेतु एक सप्ताह के भीतर विज्ञप्ति जारी की जाए, ताकि संस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि उच्च तकनीकी शिक्षण संस्थानों में प्रशासनिक पदों का रिक्त रहना शिक्षा व्यवस्था के हित में नहीं है और इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई आवश्यक है।
छात्रावासों के नवीनीकरण में लापरवाही पर जताई नाराजगी
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के विभिन्न पॉलीटेक्निक कॉलेजों के छात्रावासों की स्थिति की समीक्षा भी की। कई छात्रावासों में मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य लंबित पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
खेल सुविधाओं के विकास पर भी जोर
डॉ. रावत ने पॉलीटेक्निक संस्थानों में खेल मैदानों के विकास, खेल सामग्री की उपलब्धता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने शिक्षण संस्थानों में खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
हर जिले में बनेगा मॉडल पॉलीटेक्निक संस्थान
बैठक में मंत्री ने प्रत्येक जनपद में एक-एक मॉडल पॉलीटेक्निक संस्थान विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी शिक्षा, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, डिजिटल संसाधन एवं बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराकर इन संस्थानों को रोजगारपरक शिक्षा के उत्कृष्ट केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा।
रिक्त पदों पर जल्द होगी भर्ती
डॉ. धन सिंह रावत ने विभाग के अंतर्गत संचालित पॉलीटेक्निक कॉलेजों एवं अन्य तकनीकी संस्थानों में लंबे समय से रिक्त पड़े विभिन्न संवर्गों के पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए।
साथ ही पदोन्नति के पात्र कार्मिकों को समयबद्ध रूप से पदोन्नत करने पर भी जोर दिया गया, ताकि संस्थानों की कार्यक्षमता में सुधार हो सके।
निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विभाग के अधीन चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा, तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, उप सचिव ब्योमकेश दुबे, सचिव यूबीटीआर डॉ. मुकेश पांडेय सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
