जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में वेस्ट मैनेजमेंट पर आयोजित बैठक, नगर निकायों को भूमि चयन और कार्ययोजना शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश।
📍स्थान: टिहरी | 📅 दिनांक: 07 अगस्त 2025
नई टिहरी स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में नगर निकायों की ठोस कूड़ा निस्तारण प्रणाली को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य स्वच्छता, पर्यावरण प्रबंधन और स्वच्छ सर्वेक्षण में रैंकिंग सुधार के लिए जरूरी उपायों की समीक्षा करना था।
बैठक में यह तथ्य सामने आया कि अधिकतर नगर निकायों के पास ठोस कचरा प्रबंधन हेतु उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद चंबा और नई टिहरी के लिए स्थान चिन्हित कर शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अन्य निकायों को भी शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों को गंभीरता से लें और अभी से ठोस कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन शुरू करें। किसी भी प्रकार की समस्या या संसाधनों की आवश्यकता की स्थिति में समय रहते जिला प्रशासन को अवगत कराने को कहा गया ताकि समाधान तत्काल किया जा सके।
बैठक में वन विभाग की एसडीओ रश्मि ध्यानी, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रशांत भारद्धाज, जल निगम चंबा के एन. सेमवाल, तथा नगर पालिका टिहरी और चंबा के ईओ प्रशांत सहित विभिन्न नगर निकायों के अधिकारी वर्चुअल रूप से बैठक में सम्मिलित रहे।
